Friday, September 20, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » कानूनगो कार्यालय में संग्रह अमीन पर जान लेवा हमला

कानूनगो कार्यालय में संग्रह अमीन पर जान लेवा हमला

फिरोजाबादः जन सामना संवाददाता। शिकोहाबाद में कानून गो कार्यालय में घुस कर दबंगों ने संग्रह अमीन पर हमला बोल दिया। हमलावर संग्रह अमीन के थैले को छीनने का प्रयास किया। विरोध पर संग्रह अमीन पर सरिया से हमला बोल दिया। जिससे नाक और आंख पर गंभीर चोट पहुंची है। हंगामा होते ही तहसील परिसर में अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने घायल संग्रह अमीन का मेडिकल कराया है।
जसराना थाना क्षेत्र के गांव नगला अबाजी (थानूमई) निवासी सरमन सिंह पुत्र करन सिंह संग्रह अमीन के पद पर तैनात हैं। गुरुवार दोपहर 12 बजे संग्रह अमीन तहसील परिसर में ऊपरी मंजिल पर क्षेत्रीय लेखपाल सुशील कुमार से कानूनगो के कार्यालय में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरन आधा दर्जन लोग कानूनगो कार्यालय में घुस आए और संग्रह अमीन को गाली गलौज करने लगे। इसी दौरान उक्त लोग अमीन के थैले में रखे सरकारी अभिलेख मय थैले के छीनने लगे। जब संग्रह अमीन ने विरोध किया तो उक्त दबंगों ने सरिया से प्रहार कर दिया। चीख पुकार से तहसील परिसर में हंगामा खड़ा हो गया। चीख पुकार सुन लोग दौड़ने लगे। भीड़ को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का मेडिकल कराया है। इस मामले में संग्रह अमीन सरमन सिंह ने नगला अबाजी के प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। बताया जाता है कि प्रधान और संग्रह अमीन से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला एसडीएम कोर्ट में चल रहा है। एसओ ऊदल सिंह ने बताया पीड़ित ने ग्राम प्रधान नीरज समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की जांच की जांच कर कार्रवाई की जायेगी।