Friday, April 19, 2024
Breaking News
Home » मनोरंजन » शास्त्रीय नृत्य के जरिए बच्चों ने दिखाई नृत्य संस्कृति

शास्त्रीय नृत्य के जरिए बच्चों ने दिखाई नृत्य संस्कृति

इटावा, राहुल तिवारी। देश भर की नृत्य कलाओं को देखने व समझने के लिए इटावा महोत्सव के मंच पर स्थानीय संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नृत्य की विभिन्न विधाओं से सजी इस प्रतियोगिता की प्रथम पाली में सुगम नृत्य व शास्त्रीय नृत्य का आयोजन किया गया। देर शाम महोत्सव पंडाल में प्रदर्शनी समिति के सदस्य राजकिशोर बाजपेई ने दीप प्रज्जवलन व सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विभिन्न विद्यालय के छात्र छात्राओं ने अपनी मनभावन प्रस्तुतियों के बल पर महोत्सव के मंच को शास्त्रीय नृत्य की विभिन्न विधाओं से परिचित कराया। बच्चों के प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पंडाल में डटे रहे।
शनिवार की देर शाम शुरू हुए शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता के प्रथम चरण में कत्थक, मणिपुरी, ओडिसी, कुचिपुड़ी जैसे शास्त्रीय नृत्यों के माध्यम से छात्र छात्राओं ने सभी का मन मोह लिया। शास्त्री नृत्य में रुपाली यादव, मुस्कान दुबे, अमर आदित्य, नंदनी, विनीता कुमारी, नेहा प्रजापति, सक्षम गुप्ता, वैष्णवी शुक्ला आदि की प्रस्तुति को सराहा गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका संगीत शिक्षक प्रवेश त्रिपाठी, राजीव मिश्रा व मुदिता द्विवेदी ने निभाई। कार्यक्रम संयोजक ओपी गौर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।