Friday, April 26, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में उमड़ी आस्थाःजलाभिषेक

महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में उमड़ी आस्थाःजलाभिषेक

हाथरस/सिकन्द्राराऊः जन सामना संवाददाता। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आज पूरे जिले व शहर तथा सिकन्द्राराऊ में शिव मंदिरों में शिव भक्तों ने भगवान शिव पर श्रद्धा पूर्वक जल चढ़ाकर अभिषेक किया और भक्तों ने अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए उपवास भी रखा। भोर की लालिमा से शिव मंदिरों पर शिव भक्तों की अपार भीड़ नजर आई। शिव मंदिरों पर दूरदराज से कावड़ लाकर शिव भक्तों ने अपने आराध्य भगवान शिव पर गंगाजल चढ़ा कर मनोती मांगी।
महाशिवरात्रि के पर्व पर आज भगवान शिव का ऐतिहासिक आराधना का दिन है और शिव भक्त अपने आराध्य को प्रसन्न करने के लिये तरह-तरह से पूजा अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति हेतु उनका अभिषेक व अर्चना करते हैं तथा महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव का गंगाघाट सोरों से कावड़ यात्रा के माध्यम से गंगाजल लाकर उनका अभिषेक करना विशेष कर माना जाता है और मान्यता है कि गंगाजल से अभिषेक पर भगवान शिव अपने भक्तों से जल्द प्रसन्न हो जाते हैं और उन्हें आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
शहर के प्रमुख शिव मंदिरों चैबे वाले महादेव, चिन्ताहरण महादेव, गोपेश्वर महादेव, बौहरे वाली देवी महादेव, चकलेश्वर महादेव, राम दरबार स्थित ओंकारेश्वर महादेव, कैलाश महादेव, बाबुलनाथ महादेव, चैमुखा महादेव के अलावा शहर के अन्य तमाम शिवालयों में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिये भक्तों की भारी आस्था तड़के सुबह से जहां उमड़ने लगी वहीं शिवालयों में घंटे व घड़ियाल गूंजने के साथ हर-हर महादेव के जयघोष सुबह से लेकर शाम तक गूंजते रहे तथा भक्तों ने भगवान शिव को जलाभिषेक के साथ रोली, चावल से पूजन करने के साथ ही बेलपत्र, बेर, सिंघाड़ा, फल, काले तिल, धतूरा आदि अर्पित कर भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिये मंत्रोच्चारण भी किये गये और मनोती भी मांगी गईं।
शिवालयों पर आज जहां कावड़ लेकर आये कांवड़ियों ने गंगाजल से जलाभिषेक किया वही बैण्डबाजों व ढोल नगाड़ों के साथ नवविवाहित जोड़ों व पुत्र की प्राप्ति पर माताओं ने भगवान शिव को जेहर चढ़ाई गई तथा जेहर चढ़ाने के उपरान्त मंदिर प्रांगणों में महिलायें भजनों पर नाचती और थिरकती नजर आईं। जबकि छोटे-छोटे बच्चे भी भगवान शिव की भक्ति व मस्ती में डूबे नजर आये तथा शिवालयों पर तमाम भक्तों द्वारा जगह-जगह पर प्रसाद वितरण भी किया गया। आज पूरे जिले में महाशिवरात्रि का पर्व जहां भारी धूमधाम से मनाया जा रहा है वही कुछ लोगों द्वारा महाशिवरात्रि पर्व मंगलवार को मनाया गया। लेकिन महाशिवरात्रि पर्व पर असली आस्था का सैलाव शिवालयों पर आज दिखाई दिया।