Thursday, April 25, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अज्ञात वाहन की टक्कर से नहर पुल की दीवार टूटकर गिरी

अज्ञात वाहन की टक्कर से नहर पुल की दीवार टूटकर गिरी

कानपुर, धर्मेन्द्र रावत। कानपुर शहर के दक्षिण क्षेत्र में ग्राम पंचायत मर्दनपुर के कंचनपुर गाँव में एकता पार्क के पास ’’नहर पुल’’ के अगल-बगल की एक दीवार को किसी अज्ञात वाहन ने बीती रात टक्कर मार कर तोड़ दिया है। जिसके कारण 15 से 20 गाँव वालों को नहर पुल से गुजरने में समस्या उत्पन्न हो गई है। नहर पुल की दीवार के गिर जाने से कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की संभावना है।
ग्राम प्रधान पति विक्रान्त सिंह यादव ने बताया पांडू नदी के ऊपर से निकलने वाला नहर पुल लगभग 100 वर्ष पुराना हो चुका है। नहर पुल की दीवार को किसी अज्ञात वाहन ने बीती रात टक्कर मारकर गिरा दिया है। जिससे दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है। नहर पुल की दीवार बनवाने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। ताकि जल्द से जल्द नहर पुल की दीवार का निर्माण कार्य कराया जा सके।