Saturday, May 4, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जिलाधिकारी ने 108 एम्बुलेंस को हरी झण्डी दिखा किया रवाना

जिलाधिकारी ने 108 एम्बुलेंस को हरी झण्डी दिखा किया रवाना

प्रदेश सरकार ने मरीजों की सुविधा को देखते हुए सात नई एंबुलेंस कराईं उपलब्धः डीएम
कानपुर देहात, जन सामना ब्यूरो। संसाधनों के अभाव में अब किसी की जीवनडोर नहीं टूटेगी। शासन ने जिले को 7 नई एंबुलेंस सौगात में दी हैं। नई एंबुलेंस मिलने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग के बेडे में इनकी संख्या बढ़कर 24 पहुंच गई है।
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह व अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज वर्मा ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से सात एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मरीजों की सुविधा को देखते हुए सात नई एंबुलेंस उपलब्ध कराई हैं। आधुनिक सुविधाओं से लैस इन वाहनों में मरीजों के आपातकालीन उपचार से संबंधित समस्त सामग्री उपलब्ध है। जिलाधिकारी ने कहा कि 108 एंबुलेंस की सेवा आपात सेवाओं में शामिल है। दूरदराज हुई अनहोनी की सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद ये वाहन घटना स्थल पर पहुंच मरीजों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक भर्ती कराते हैं।
सीएमओ डॉ. हीरा सिंह ने कहा कि 108 सेवा के तहत जनपद कानपुर देहात में पहले से ही 17 एंबुलेंसों का संचालन हो रहा था। सात और मिलने से अब इनकी संख्या 24 पहुंच गई है। संसाधन में बढ़ोतरी से हम मरीजों को और भी ज्यादा बेहतर ढंग से राहत मुहैया करा सकते हैं। अपर सीएमओ डा0 बीपी सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि 102 और 108 एंबुलेंस सेवा आपातकालीन सेवाएं हैं। अक्सर लोग फर्जी फोन करके गलत सूचनाएं देते हैं। इतना ही नहीं, कई बार जाम की वजह से एंबुलेंसों को भीड़ में इंतजार करना पड़ता है। ऐसा करके हम गंभीर हालत में रेफर होने वाले मरीजों की जिदगी से खिलवाड़ करते हैं। अधिकारियों से एंबुलेंसों की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों से भी मदद करने की अपील की है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर आनन्द कुमार सिंह, एम्बुलेंस इंचार्ज आशीष द्विवेदी व आदित्य सक्सेना आदि मौजूद रहे।