Monday, April 29, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सांसद ने कचरा बटोर कर दिया संदेश, पॉलिथीन छोड़िए और झोला पकड़िए

सांसद ने कचरा बटोर कर दिया संदेश, पॉलिथीन छोड़िए और झोला पकड़िए

कानपुर, जन सामना ब्यूरो। गांधी संकल्प यात्रा के तहत भाजपाइयों ने गुरुवार को जूही परम पुरवा क्षेत्र से यात्रा निकाली। विभिन्न मार्गो से निकली यात्रा में भाजपाइयों ने सांसद के साथ कचरा प्लास्टिक को एकत्रित कर पॉलिथीन छोड़ने का संदेश दिया।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर भाजपा ने गांधी जयंती 2 अक्टूबर से सरदार पटेल की जयंती 31 अक्टूबर तक सिंगल यूज प्लास्टिक को छोड़नेे के तहत जन जागरूकता के लिए पूरे देश मे “गांधी संकल्प यात्रा “निकालने का निर्णय लिया था। सांसद सत्यदेव पचौरी व भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष अनिता गुप्ता के नेतृत्व में गांधी संकल्प यात्रा के दूसरे दिन जूही परम पुरवा के झंडे वाले तिराहा से यात्रा निकाली गई। यात्रा का मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र परम पुरवा मे लोगों ने फूल माला पहनाकर सांसद का भव्य स्वागत किया। पैदल यात्रा के दौरान सांसद पचौरी जगह-जगह रुककर पॉलीथीन कचरा को एकत्रित कर झोले में डालते गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें यहां सीवर की दिक्कतों के बारे में बताया तो उन्होंने समस्या लिखकर देने को कहा। गली कूचे से होते हुए यात्रा गोविंद नगर पहुंची यहां कैनाल कॉलोनी से जैसे ही यात्रा आगे बडी, सांसद पचौरी सड़क पर गोबर फैला देख तमतमा गए। उन्होंने रुक कर पूछा कि यह गोबर कहां से आ गया। क्षेत्रीय लोगों ने जब उन्हें बताया कि यह चट्टे वाले ने गोबर फैलाया है तो उन्होंने चट्टे वाले मुन्नवर खान को बुलवाया तो वह चट्टे पर मौजूद नही मिला। इस पर उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद संदीप जायसवाल व गिरीश चंद्र को बुलाकर फटकार लगाई और तुरंत हटवाने को कहा। यात्रा यहां से होते हुए रामआसरे नगर मलिन बस्ती स्थित वेद मंदिर में समाप्त हुई। यहां संक्षिप्त सभा में वक्ताओं ने कहा कि भाजपा ही महात्मा गांधी के विचारों को आत्मसात कर उनके पद चिन्हों पर चलते हुए पूरे देश में स्वच्छता की अलख जगा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया खुले में शौच मुक्त अभियान 5 वर्ष में ही पूरा हो गया है। यह केंद्र की भाजपा सरकार के दृढ संकल्प का ही परिचायक है। वक्ताओं ने कहा कि 2 अक्टूबर से सिगंल यूज पॉलिथीन मुक्त भारत का महा अभियान शुरू किया गया है। प्लास्टिक कचरा जहाँ इंसान ही नहीं बल्कि पशु पक्षियों के जीवन के लिए भी खतरा है वहीं देश की प्रगति और विकास में भी बड़ा रोड़ा है। देश का ज्यादातर ड्रेनेज सिस्टम कचरा पॉलिथीन की वजह से ही ध्वस्त है। जिस कारण बिन बरसात के ही नाले नालियां ओवर फ्लो होकर बीमारियों का कारण बन रही है।
संकल्प यात्रा में प्रमुख रूप से सांसद सत्यदेव पचौरी, भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष अनिता गुप्ता के अलावा भाजपा दक्षिण जिला के महामंत्री शिवराम सिंह, उपाध्यक्ष संदीपन अवस्थी, मंडल अध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, पार्षद नवीन पंडित, प्रकाश वीर आर्य, भूपेंद्र त्रिपाठी, नीरज गुप्ता, रणविजय सिंह राठौर आदि थे।