कानपुर नगर। शासन के निर्देशों के अनुसार किसानों की वर्तमान आय को दो गुना करने के संकल्प को पूरा करने हेतु एक अभियान “किसान कल्याण मिशन” के रुप में चलाया जा रहा है। इसके अन्तर्गत जनपद में कृषि एवं कृषि आधारित अन्य गतिविधियों जिनमें पशुपालन, बागवानी, गन्ना इत्यादि तथा कृषि आधारित उद्योग सम्मलित है, को विकसित कर इन गतिविधियों के माध्यम से किसान कल्याण तथा किसान की आमदनी दो गुना करने का एक अभियान किसान कल्याण मिशन के रुप में चलाया जा रहा है।
इस अभियान के अन्तर्गत दिनांक 20 जनवरी, 2021 को विकास खण्ड सरसौल, भीतरगाॅव, बिल्हौर में “कृषि किसान कल्याण मिशन” कार्यक्रम के अन्तर्गत कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन प्रातः 11 बजे से किया जायेगा। विकास खण्ड पर कृषि व सहवर्गी सेक्टर की वृहद प्रदर्शनी जिसमें स्थानीय स्तर पर लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमिता इकाइयों तथा ग्राम विकास के आजीविका मिशन के अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूह के द्वारा उत्पादित प्रमुख उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी एवं विभिन्न प्रकार की कृषि तकनीकों के प्रर्दशन किये जायेंगे। उक्त जानकारी उप निदेशक कृषि धीरेन्द्र कुमार सिंह ने दी है।