Friday, May 3, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » यमुना नदी में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 4 लाख की सहायता

यमुना नदी में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 4 लाख की सहायता

2017.04.24 02 ravijansaamnaइलाहाबाद, जन सामना ब्यूरो। जिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि तेज आंधी के कारण यमुना नदी में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में मृतक मेवा लाल, पूजा तथा शरस कुमार के परिजनों को 4-4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता दी जायेगी। राहत एवं बचाव कार्य तेज करते हुए दुर्घटना में दो घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।उल्लेखनीय है कि करछना तहसील के पालपुर घाट पर रविवार की शाम एक नाव तेज आंधी के कारण यमुना नदी में पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी इलाहाबाद श्री संजय कुमार तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर सहित जिला प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उप जिलाधिकारी करछना विनय सिंह, अपर जिलाधिकारी ग्रामीण महेन्द्र कुमार राय तथा क्षेत्राधिकारी करछना अलका भटनागर मौके पर पहुँच जल पुलिस तथा गोताखोरों की मदद से राहत व बचाव कार्य प्रारम्भ करा दिया था। जल पुलिस तथा गोताखोरों के प्रयास से तीन शवों को निकाला गया। उन्होंने कहा कि इस दुःख के क्षण में जिला प्रशासन तथा पुलिस उनके साथ है तथा और जिस भी मदद की आवश्यकता होगी जिला प्रशासन करेगा। उन्होंने कहा कि रात भर रेस्क्यू आपरेशन चलेगा। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी करछना विनय कुमार सिंह को सभी औपचारिकताओं को पूरा कर 24 घंटे के अन्दर मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का निर्देश दिया। इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुःख व्यक्त किया है और दुर्घटना में मृत व्यक्तियों की आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है। श्री योगी ने इस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य किये जाने के निर्देश दिये हैं।