Saturday, May 4, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » देव दीपावली पर महिलाओं ने किया दीपदान

देव दीपावली पर महिलाओं ने किया दीपदान

सिकंदराराऊ।  देव दीपावली के उपलक्ष्य में नगर में भक्ति की बयार बही। देवालयों में जगह जगह धार्मिक अनुष्ठान किए गए। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर घर घर देव दीपावली मनाई गई और रंग बिरंगी रोशनी एवं दीपों से घर आंगन को प्रकाशमान किया। इस मौके पर देवालयों में भव्य श्रृंगार व महाआरती का आयोजन हुआ। तत्पश्चात प्रसादी वितरित की गई। दीपावली के पंद्रह दिन बाद देवदीवाली पड़ती है। श्रद्धालुओं ने गंगा घाटों पर पहुँचकर गंगा स्नान कर दान पुण्य किया।मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन समस्त देवतागण काशी में आते हैं। मान्यता है कि तीनों लोकों में त्रिपुरासुर राक्षस का राज चलता था । देवतागणों ने भगवान शिव के समक्ष त्रिपुरासुर राक्षस से उद्धार की विनती की। भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन राक्षस का वध कर उसके अत्याचारों से सभी को मुक्त कराया और त्रिपुरारी कहलाये। इससे प्रसन्न होकर देवताओं ने स्वर्ग लोक में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया था । तभी से कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली मनायी जाने लगी है।