Sunday, May 19, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » उपमुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बछरावां का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

उपमुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बछरावां का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

⇒उपमुख्यमंत्री ने मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य के बारे में ली जानकारी
⇒स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये, परिसर में कहीं न हो गंदगीः उपमुख्यमंत्री
⇒मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सीय सेवाएं प्रदान की जाएः ब्रजेश पाठक
पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जनपद रायबरेली के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बछरावां में अपना पर्चा बनवाकर जन स्वास्थ्य सुविधाओं व चिकित्सा कर्मियों की कार्यशैली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में गंदगी मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को सामुदायिक केन्द्र पर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों पर मरीजों एवं उनके तीमारदारों के लिए उपलब्ध पीने के पानी की व्यवस्था, पंजीकरण काउंटर एवं ओ0पी0डी0 का निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान मरीजों से मिल कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केन्द्रों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाये, परिसर में कहीं गंदगी न दिखायी दे। उन्होंने कहा कि कर्मचारी समय से आयें और अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एक्स-रे कक्ष आदि कक्षों में जाकर चिकित्सीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल में आये मरीजों को परिवार का सदस्य मानकर उनकी देखभाल की जाए तथा बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की जाए। अस्पताल में वाटर फिल्टर एवं वाटर कूलर को देखकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को पीने के लिए शीतल एवं स्वच्छ जल उपलब्ध रहें। साथ ही मरीजों के लिए स्ट्रेचर एवं व्हील चेयर आदि की समुचित व्यवस्था करते हुए उन्हें साफ-सुथरा एवं क्रियाशील रखा जाए।