Saturday, May 4, 2024
Breaking News

हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र में शहर के किला गेट स्थित अद्धा मोड़ पर निर्माणाधीन एक मकान आज भरभरा कर गिर गया। जिससे निर्माणाधीन मकान में कार्य कर रहे मजदूरों में से 3 मजदूर दबकर घायल हो गए। जबकि एक मजदूर को गंभीर हालत में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई तथा फायर बिग्रेड की टीम भी पहुंच गई।
बताते हैं शहर के किला गेट अद्धा मोड़ पर दो सगे भाइयों द्वारा अपने मकान का निर्माण कराया जा रहा है और दोनों सगे भाइयों श्याम सुंदर व विनोद कुमार पुत्रगण रामभरोसी लाल के मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसमें से एक भाई के मकान का निर्माण कार्य जहां लगभग पूरा हो गया है। वहीं दूसरे भाई के मकान के निर्माण हेतु बेसमेंट का कार्य चल रहा था और आज इसी कार्य के दौरान अचानक बेसमेंट के बराबर नई बिल्डिंग का एक हिस्सा भरभरा कर गिर गया। जिससे बेसमेंट में कार्य कर रहे आधा दर्जन से अधिक मजदूर जहां गंभीर हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। वहीं तीन मजदूर उक्त हादसे में घायल हो गए। जबकि एक मजदूर को गंभीर हालत में एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया है।बताते हैं उक्त हादसे में एक मजदूर देवेन्द्र पुत्र सतपाल निवासी गांव मिर्गामई मेंडू हाथरस जंक्शन गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य मजदूर चोटिल हो गए। घटना की खबर से पूरे क्षेत्र में भारी हडकम्प एवं अफरातफरी मच गई और मौके की ओर क्षेत्रीय लोग और राहगीर दौड़ पड़े और मलबे में दबे मजदूरों को तत्काल निकालकर उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया।