Saturday, April 27, 2024
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शोभायात्रा में बहेगी भक्ति व ज्ञान की बयार – डब्बू

शोभायात्रा में बहेगी भक्ति व ज्ञान की बयार – डब्बू

हाथरस, जन सामना ब्यूरो। सावन कृपाल रूहानी मिशन की गौशाला रोड स्थित शाखा की 25 जुलाई से 31 जुलाई तक संत कृपाल आश्रम में 14वें आध्यात्मिक साप्ताहिक सत्संग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें काफी बड़ी संख्या में लोगों के भाग लेने की उम्मीद है। इस आध्यात्मिक सत्संग में उन्हें मानव जीवन के मुख्य उद्देश्य, ध्यान, अभ्यास व सदाचारी जीवन में तथा उससे जुडे विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जायेगी। जिससे कि वे अपने जीवन को एक नई दिशा प्रदान कर स्वर्णिम मानव जीवन के अवसर का लाभ उठा सकें।
उक्त जानकारी आज गौशाला रोड स्थित संत कृपाल आश्रम पर आयोजित प्रेसवार्ता में आश्रम प्रबन्धक निरंजनलाल अग्रवाल डब्बू ने देते हुये बताया कि इस अवसर पर 23 जुलाई को प्रातः 8 बजे से मिशन की हाथरस शाखा द्वारा ही द्वितीय आध्यात्मिक चेतना यात्रा शहर में निकाली जायेगी। जिसका उद्देश्य लोगों को आध्यात्म के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज पिछली शताब्दी में आध्यात्मिकता के मूल श्रोत थे। उन्होंने सुरत-शब्द-योग जो कि उससे पहले कम व्यक्तियों को ही उपलब्ध था, सम्पूर्ण मानवता को उपलब्ध कराया संत प्रभू का साकार रूप होते हैं। हुजूर बाबा सावन सिंह जी महाराज का मानवता के प्रति प्रेम अथाह था और वे पीड़ित मानवता के आध्यात्मिक कल्याण और पुनः निर्माण के लिये वे सतत प्रयत्नशील रहे।
सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज आज सम्पूर्ण विश्व में ध्यान, अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति संदेश प्रसारित कर रहे हैं। जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरूस्कारों व सम्मानों के साथ पांच डाक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है। सावन कृपाल रूहानी मिशन के आज सम्पूर्ण विश्व में 2648 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। इसका मुख्यालय विजय नगर, दिल्ली में है तथा अन्तर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित है।
उन्होंने बताया कि 23 जुलाई को शोभायात्रा का उद्घाटन एसडीएम सदर श्री अमिताभ यादव तथा कोतवाली प्रभारी सूर्यकांत द्विवेदी के द्वारा दीप प्रज्जवलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया जायेगा। शोभायात्रा का शहर में कई स्थानों पर भव्य स्वागत होगा। इसके अतिरिक्त 25 जुलाई से शुरू हो रहे साप्ताहिक सत्संग महोत्सव का उद्घाटन मैंडू गेट पुलिस चैकी प्रभारी मनोज शर्मा द्वारा किया जायेगा तथा सत्संग महोत्सव में देश प्रदेश भर से रूहानी विद्वान भाग लेंगे और ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करेंगे। महोत्सव में प्रदेश भर के 80 केन्द्रों से साध संगत आयेगी और तमाम कार्यक्रम होंगे तथा 30 जुलाई को भव्य कब्बाली कार्यक्रम होगा।
प्रेस वार्ता में अरूण अग्रवाल, प्रदीप ग्रोवर, जितेन्द्र यादव, राकेश कुमार व मुन्ना आदि मौजूद थे।