जयपुर। शहर के युवा समाज सेवी लक्ष्य चौधरी द्वारा 28 जून से वस्त्र दान अभियान का आयोजन किया जाएगा। लक्ष्य का कहना है कि जयपुर में कई ऐसे परिवार हैं जिन्हें गरीबी के चलते दैनिक जीवन में पहनने के लिए आवश्यक वस्त्र उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे परिवाओं को अभियान के चलते वस्त्र उपलब्ध करवाए जायेंगे। अभियान का आयोजन एवं संचालन लक्ष्य द्वारा किया जायेगा। लक्ष्य ने बताया कि वस्त्र दान अभियान के चलते लगभग 30 परिवार लाभान्वित होंगे।
JAN SAAMNA DESK
कौशाम्बीः रापम के प्रदेश सचिव के स्वागत के दौरान संगठन विस्तार पर की चर्चा
– राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ व राष्ट्रीय मीडिया महासंघ के पदाधिकारियों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
– देश में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने के लिए रापम जल्द करेगा सड़क से संसद तक आंदोलनः नवनीत रावत
– पत्रकारों के सम्मान में पत्रकार भवन बनाए जाने के लिए होगी बड़ी पहलः शीबू खान
कौशाम्बी। राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (रापम) के प्रदेश सचिव नवनीत रावत का शुक्रवार को जनपद मुख्यालय पर स्थित कार्यालय में प्रथम आगमन हुआ जहाँ संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने फ़ूल माला पहनाकर स्वागत किया।
बताते चलें कि शुक्रवार को जनपद मुख्यालय पर स्थित राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के उत्तर प्रदेश इकाई के सचिव नवनीत रावत का जनपद आगमन हुआ जिनकी अगुवानी संगठन की जिलाध्यक्ष प्रियंका यादव व सहयोगी पत्रकार संगठन राष्ट्रीय मीडिया महासंघ (एनएमसी) के जिलाध्यक्ष राजेश साहू ने किया। साथ ही संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने भी आये अतिथियों का फूल माला पहनाकर स्वागत व सत्कार किया। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शीबू खान भी उपस्थित रहें।
एकतरफा प्यार में पागल हिस्ट्रीशीटर अपराधी ने लड़की के घर मचाया कोहराम, गिरफ्तार
-हिस्ट्रीशीटर और उसके साथियों ने देर रात प्रेमिका के घर के साथ साथ मोहल्ले वालों के ऊपर भी चलाए ईंट और पत्थर
-हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा पूर्व में भी कर चुका है प्रेमिका के ऊपर हमला करने की कोशिश
-हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा के ऊपर 12 मुकदमे शहर के विभिन्न थानों में दर्ज, जिलाबदर भी घोषित किया जा चुका है।
कानपुरः अवनीश सिंह। कानपुर कमिश्नरेट के बर्रा थाना अन्तर्गत एक हिस्ट्रीशीटर प्रेमी द्वारा प्रेमिका के घर पर बवाल काटा गया। शिकायत मिलने पर क्षेत्रीय पुलिस ने अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है।
बर्रा थाना क्षेत्र के विश्वबैंक में रहने वाले शिकायतकर्ता ने बताया कि अमन वर्मा एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसे जिलाबदर भी किया जा चुका है। यह भी बताया कि उसकी (शिकायतकर्ता) बेटी पास के एक स्कूल में पढ़ती थी, वहां पर हिस्ट्रीशीटर अमन वर्मा क्लर्क के तौर पर नौकरी करता था। जहां वो आए दिन उनकी नाबालिग बेटी को परेशान करता था। अमन से परेशान होकर बेटी की पढ़ाई भी बंद करा दी। बाद में उस स्कूल से भी निकाल दिया गया। शातिर अपराधी पूर्व में भी दो बार बेटी को भगा ले जाने का प्रयास कर चुका है, इस सम्बन्ध में आरोपी के ऊपर मुकदमा भी पंजीकृत किया गया था।
बच्चों के अंदर वैज्ञानिक सोच को दिया जाए बढ़ावा: मुख्य सचिव
लखनऊः अखिलेश सिंह। प्रदेश के मुख्य सचिव श्री दुर्गा शंकर मिश्र ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के आला अधिकारियों के साथ बैठक की। वीसी में विभिन्न जिलों व विभागों द्वारा प्रमुख उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर पीपीटी प्रस्तुत की गई।
वीसी में डीएम लखीमपुर खीरी ने केले के रेशे से बने उत्पादों से संबंधित प्रस्तुति पर मुख्य सचिव ने कहा कि स्टार्टअप और न्यू स्किल के साथ हर अच्छे काम को ज्यादा से ज्यादा प्रचारित और प्रसारित किया जाए। डीएम श्रावस्ती की तथागत ब्रांड द्वारा निर्मित मसाले और थारू गुलाब जल की प्रस्तुति पर उन्होंने कहा कि आपकी पैकेजिंग बहुत अच्छी है। उत्पादों की क्वालिटी के साथ हाइजीन का भी खास ध्यान रखा जाए। स्थानीय खाद्य उत्पादों के अलावा अन्य दैनिक उपयोग के जरूरी सामानों की जिलों के साथ वहाँ आने वाले पर्यटकों के बीच व्यापक उपलब्धता हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर कपड़े, थैले, पारंपरिक उत्पादों का ज्यादा से ज्यादा निर्माण हो। इस प्रकार प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर की ओर ले जाने में हर जिले का बहुमूल्य योगदान होगा।
ईडी जांच के विरोध में कांग्रेसियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की जा रही पूंछ तांछ के मामले में कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार को प्रदर्शन करके एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है।
कांग्रेस का आरोप है कि ईडी सरकार के इशारे में उत्पीड़न का काम कर रही है। जिस मामले में एक बार पूरी जांच होकर मामले को खत्म किया जा चुका है, उसको दोबारा शुरू करना सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करता है। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई अग्निपथ योजना को वापस किये जाने व इसको 15 वर्ष तक की बहाली की मांग भी की गई।
मोह से मुक्त होना ही योग हैः डॉ. लूसी गेस्ट
वर्धा। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय में योग सप्ताह के अंतर्गत दर्शन एवं संस्कृति विभाग की ओर से 21 जून को ‘योग की भारतीय परंपराएं’ विषय पर आयोजित विशिष्ट व्याख्यान में लंदन की मूल निवासी तथा चंद्रमौलि फाउंडेशन, वाराणसी की सहसंस्थापक, प्रख्यात संस्कृत साधक डॉ. लूसी गेस्ट (दिव्यप्रभा) ने कहा कि योग मोह से मुक्त करने का रास्ता है। स्वयं को पहचाना ही योग की भारतीय परंपरा है।
योग दिवस की संध्या पर महादेवी वर्मा सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने की। योग मिशन इंग्लैंड की संस्थापक डॉ. लूसी गेस्ट ने अत्यंत सरल और सहज हिंदी में दिये वक्तव्य में वेद, उपनिषद, रामायण और महाभारत के अनेक संदर्भ देते हुए योग की महत्ता और योग प्रसार में भारत के योगदान की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत प्रकाश से भरा हुआ, विद्या से युक्त देश है। पतंजलि के योग विचार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि योग एक वैज्ञानिक प्रक्रिया है। यह हजारों वर्ष पुराना है परंतु आज भी नया व उपयोगी है। योग भारतीय ऋषि मुनियों की देन है। इसके महत्व के कारण आज दुनिया के हर देश में योग शब्द प्रचलित हुआ है।
कार्यक्रम में अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने कहा कि योग मनुष्य को कर्मवान बनाने का काम करता है। सभी साधना, उपासना और आस्था परंपराओं में समान रूप से उपस्थित योग को समग्रता में देखने की जरूरत है। हमारे सभी धर्म शांति और स्थिरता तलाशने की बात करते हैं, जिनके केंद्र में योग है।
एनटीपीसी में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में आठवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह पूर्वक मनाया गया। स्टेडियम परिसर में बड़ी संख्या में एनटीपीसी कर्मचारी तथा उनके परिवार के सदस्य भी ध्यान तथा योग कार्यक्रम में शामिल हुए। परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक अभय कुमार समैयार ने उपस्थित जनसमूह को योग के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि ध्यान एवं योग को हम सभी को अपनी दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए। क्योंकि इस विधा से शरीर व मन न केवल स्वस्थ होते हैं बल्कि भाग-दौड़ की इस जिंदगी में मन में सहजता व शरीर में अतिरिक्त ऊर्जा का संचार होता है। श्री समैयार ने कहा कि भारत की इस पुरातन पद्धति को पूरी दुनिया में न केवल सराहना मिली है बल्कि दुनिया के अन्य देशों में योग के माध्यम से जीवन जीने की कला एवं असाध्य बीमारियों से मुक्त होने की स्वीकार्यता को संबल मिला है। यही भारत को विश्व गुरु बनने की ओर उन्मुख करता है।
योग दिवस पर पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का दिया संदेश
कानपुरः प्रभात गुप्ता। स्वतन्त्रता की 75वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर पूरे देश में मनायें जा रहे ’’आजादी का अमृत महोत्सव-2022’’ व अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस पर अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन भानु भास्कर द्वारा जनपद कानपुर आउटर रिजर्व पुलिस लाइन मेें पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर भानु भास्कर ने शहरवासियों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने व उन्हें संरक्षित करने का संदेश दिया। यह भी कहा कि स्वस्थ शरीर के लिये जितना योग करना जरूरी है उतना ही पर्यावरण को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रमुख सचिव, डीएम व एसपी ने किया योगाभ्यास
पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। आज 8 वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नेहरु स्टेडियम रायबरेली में योग शिविर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें योग प्रशिक्षक डाक्टर रवि प्रताप सिंह द्वारा उपस्थित पुलिस/प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारीगण तथा अन्य लोगों को योग के प्रति जागरुक करते हुए योगाभ्यास कराया गया । इस दौरान योग प्रशिक्षक द्वारा मानव जीवन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को नियमित रुप से योगाभ्यास करने हेतु प्रेरित किया गया । योग शिविर में पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रखने के लिए योगाभ्यास कराया गया तथा बताया गया कि योग द्वारा न सिर्फ बीमारियों का उपचार किया जाता है, परंतु इसे अपनाकर कई शारीरिक और मानसिक कमियों को भी दूर किया जा सकता है । स्वस्थ रहने के लिए नियमित रूप से योग को जीवन में अपनाना जरूरी है तथा तन और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है । इस मौके पर विशिष्ट अतिथि प्रमुख सचिव जितेन्द्र कुमार, जिलाधिकारी रायबरेली माला श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी रायबरेली तथा प्रशासन/पुलिस के अन्य अधिकारी /कर्मचारीगण के साथ हजारों की संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे ।
योग दिवस पर ग्रीन पार्क में 4000 लोगों ने किया योग
कानपुरः प्रभात गुप्ता। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शहर के विभिन्न पार्कों में गंगा के किनारे अटल घाट आदि घाटों पर तथा ग्रामीण क्षेत्रों में योग दिवस पर विभिन्न जगहों पर योग कार्यक्रम आयोजित किया गये। इसी क्रम में ग्रीन पार्क स्टेडियम में 4000 लोगों द्वारा योग किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि व विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विश्व शांति के लिए गुब्बारों को हवा में छोड़ा गया।
Jansaamna