⇒ पर्यावरण दिवस पर प्लास्टिक प्रदूषण रोकने का लिया संकल्प
रायबरेली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एनटीपीसी ऊंचाहार ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपने संकल्प और कार्यों को साझा करते हुए बताया कि कैसे वह विद्युत उत्पादन के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस वर्ष पर्यावरण दिवस की थीम “प्लास्टिक प्रदूषण को रोकना” है। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख अभय कुमार श्रीवास्तव ने कहा, “प्लास्टिक की समस्या तेजी से विकराल रूप लेती जा रही है। हमने अपने प्लांट और टाउनशिप में एकल उपयोग प्लास्टिक को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। हम सभी को संकल्प लेना होगा कि बाजार जाते समय कपड़े का थैला साथ ले जाएं और प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें।”
Read More »
Jansaamna
रायबरेली। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अतुल सिंह ने ऊंचाहार विधानसभा के विभिन्न गांवों—कुरौली बुधकर, हमीरमऊ, मालिन का पुरवा, गौरा बाजार आदि में चौपाल लगाकर जनसंपर्क किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पीने के पानी की भारी किल्लत है, छुट्टा जानवरों से फसलें नष्ट हो रही हैं और बिजली बिल अत्यधिक आ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों की बातें सुनने के बाद अतुल सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें बेहद खराब स्थिति में हैं, जिससे आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए की गई खुदाई के बाद गड्ढों को भरवाया नहीं गया, जिससे राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं। श्री सिंह ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार को आम जनता की बुनियादी समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र ऊंचाहार में दलित परिवार पर लगातार हो रहे उत्पीड़न और हमले के मामलों में पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से नाराज़ ग्रामीणों ने बुधवार को तहसील मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। गणेशगंज मजरे इटौरा बुजुर्ग गांव के दो दर्जन से अधिक ग्रामीण हाथों में बैनर लिए हुए तहसील पहुंचे और ऊंचाहार पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगाए। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक विशेष बिरादरी के दबंग लोग लगातार उनके साथ मारपीट और उत्पीड़न कर रहे हैं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों बृजेश कुमार, राम किशुन आदि का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के चलते वे लोग डर के साये में जी रहे हैं और अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर हैं।
ऊंचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत ऊंचाहार के पूर्व चेयरमैन मो. सल्लन, उनके पुत्र मो. याहिया उर्फ आज़ाद और बहू रीता सिंह पर धोखाधड़ी के आरोपों के चलते दर्ज मुकदमे के बाद अब यह मामला राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है। नामजद अभियुक्त मो. याहिया ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए सभी आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने इस पूरे मामले को एक “सोची-समझी राजनीतिक साजिश” करार दिया और कहा कि उनका किसी अन्य व्यक्ति से कोई आर्थिक संबंध नहीं है। याहिया ने बताया कि उनका संपूर्ण लेन-देन केवल मरियम बानो नामक महिला से जुड़ा है।
ऊंचाहार, रायबरेली। 5 जून 2025 को दक्षिण वाहिनी मां गंगा, महर्षि गोकर्ण एवं राजा भगीरथ की तपोस्थली गोकर्ण तीर्थ घाट पर आयोजित होने वाले गंगा अवतरण दिवस एवं गंगा दशहरा मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेले की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी राजेश श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक थाना ऊंचाहार संजय कुमार, और नए तहसीलदार सुजीत कुमार सिंह ने घाट पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंगा नदी में बैरिकेडिंग, साफ-सफाई, शौचालय, प्रकाश आदि की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए सभी कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
रायबरेली। जिला सेवायोजन कार्यालय, रायबरेली के तत्वावधान में 06 जून 2025 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला बप्पा देवतादीन अग्रहरि आई०टी०आई०, शंकर नगर, मुराई बाग, डलमऊ, रायबरेली में प्रस्तावित है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी क्लेसकॉर्प लिमिटेड, लखनऊ भाग ले रही है। कंपनी द्वारा आई०टी०आई० और डिप्लोमा धारकों के लिए विभिन्न रिक्त पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी अपने मूल शैक्षिक प्रमाणपत्रों और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित हो सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों को सबसे पहले “रोजगार संगम पोर्टल” पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। यदि पंजीकरण में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय, रायबरेली से संपर्क कर सकते हैं।
मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेला की व्यवस्थाओं को लेकर सांसद हेमा मालिनी, विधायक मेघश्याम सिंह, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी विभागों की समीक्षा की। मुड़िया मेला 6 से 10 जुलाई तक आयोजित होगा। बैठक में मेला की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा अधीनस्थों को कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं के लिए पुलिस का व्यवहार सुशील एवं सहायक हो, इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि पीने के पानी की व्यवस्था, जलभराव की समस्या का निस्तारण, बरसात को ध्यान में रखते हुए बिजली सुरक्षा और आपूर्ति का विशेष ध्यान रखा जाए। परिक्रमा मार्ग में हाई मास्क लाइट सही होकर जलें, 212 सोलर लाइटें सभी चालू हों। सीसीटीवी से परिक्रमा मार्ग पर नजर रखी जाए। जन सुविधा, पेयजल प्याऊ और बाल पेंटिंग का कार्य जल्द पूरा किया जाए। पीए सिस्टम के स्थलों की जानकारी के साथ भजन सुनाने की व्यवस्था की जाए। मेला क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी कर्मचारी वर्दी में रहें।
हाथरस। सासनी-जलेसर रोड स्थित जिया मैरिज होम, कस्बा महौ में क्षत्रिय बंधु सेवा समिति की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में समिति का त्रिवार्षिक पुनर्गठन सर्वसम्मति से किया गया। बैठक में समिति के सभी सक्रिय सदस्यों सहित क्षेत्र के अनेक क्षत्रिय बंधु उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता समिति के जिलाध्यक्ष डॉ. सुदेश राजपूत ने की, जिन्होंने संगठन की भूमिका और उसके महत्व पर प्रकाश डाला। महासचिव प्रदीप सेंगर ने विगत वर्षों में समिति द्वारा किए गए सामाजिक और ऐतिहासिक कार्यों की जानकारी दी।
रायबरेली। ऊंचाहार के सलोन रोड पर बेकाबू और ओवरलोड डंफरों ने राहगीरों के लिए चलना मुश्किल कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपनी जान हथेली पर रखकर सड़कों पर निकलने को मजबूर हैं। ओवरलोड डंफरों की वजह से सड़कों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। क्षेत्र में कई बार ऐसे डंफरों के कारण गंभीर सड़क हादसे हुए हैं, जिनमें लोगों की जान भी जा चुकी है। गौरतलब है कि ऊंचाहार क्षेत्र से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है, जिसके चलते भारी वाहनों की आवाजाही दिन-रात बनी रहती है। इसका सीधा असर स्थानीय सड़कों पर पड़ रहा है, जो जगह-जगह से टूट चुकी हैं। खासकर उमरन बाजार के पास सड़कें गड्ढों से भर चुकी हैं और धूल का गुबार उठता रहता है।
फिरोजाबाद। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दीदामई पर विशेष कार्यक्रम के तहत 35 टीबी मरीजों को गोद लिया गया और उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को पोषण संबंधी सहायता प्रदान कर उनकी सेहत में सुधार लाना है। कार्यक्रम में जिला पी.पी.एम. समन्वयक सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों ने मरीजों को नियमित दवा लेने, संतुलित आहार अपनाने और समय-समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने की अपील की गई।