Friday, September 11, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बाइक सवारों को मैक्स लोडर ने रौंदा, एक की मौत

बाइक सवारों को मैक्स लोडर ने रौंदा, एक की मौत

शिकोहाबाद: संवाददाता। गांधी आश्रम में बाइक से नौकरी करने जा रहे दो युवकों को एसपी कोल्ड के सामने तेज रफ्तार आ रही मैक्स लोडर वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि उसके पीछे बैठा उसका बुआ का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी होते ही परिजन करुणक्रंदन करते हुए ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गये और जाम लगा दिया।
नगला राजाराम निवासी चरन सिंह उर्फ बॉबी (25) पुत्र धनपाल अपनी बुआ के लड़के विवेक (25) पुत्र महेश चंद्र निवासी नगला कलू जसराना के साथ बाइक से शिकोहाबाद गांधी आश्रम आ रहे थे। जब उनकी बाइक मैनपुरी रोड पर एसपी कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंची, तभी शिकोहाबाद से तेज गति से आ रही मैक्स लोडर वाहन कट पर मुड़ते समय बाइक से टकरा गई। जिससे बाइक चला रहा चरन सिंह सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर से होकर मैक्स का पहिया निकल गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा युवक विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे परिजन उपचार के लिए आगरा ले गए। इधर युवक की मौत की जानकारी होते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। उन्होंने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। अधिकारी रपड़ी में मंत्री के कार्यक्रम में होने के कारण उन्हे घटना स्थल पर पहुंचने में देर हुई, तब तक ग्रामीण शव को रख कर जाम लगाये रखे। इसके बाद मौके पर पहुंचे सीओ प्रवीन कुमार तिवारी, प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष सहित अन्य थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। काफी समझाने के बाद परिजनों ने शव को उठने दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत भी मौके पर पहुंच गये और उन्होंने पुलिस का सहयोग करते हुए शव उठवाने में मदद की।