Tuesday, October 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण 12 नवंबर से, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण 12 नवंबर से, 4 जनवरी को होगा अंतिम प्रकाशन

हाथरस। मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण-2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और अपात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने पर जोर दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र युवा, महिला या अन्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने डिग्री कॉलेजों में विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए, ताकि नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने की प्रक्रिया आसान हो सके। उन्होंने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा, जिससे पुनरीक्षण कार्य में समन्वय बना रहे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची का प्रारूप 12 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा। इस पर 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए भरें निर्धारित फॉर्म

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटवाने या विवरण में सुधार कराने के लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए गए हैं। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटाने के लिए फॉर्म-7 और मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। नागरिकों को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्रशासन का जोर पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, सूची में दर्ज त्रुटियों को दूर करने और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने पर है।