Tuesday, October 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बिठूर-बिल्हौर को 411 करोड़ की 48 विकास परियोजनाओं की सौगात

बिठूर-बिल्हौर को 411 करोड़ की 48 विकास परियोजनाओं की सौगात

⇒मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले, विरासत के सम्मान और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकार
कानपुर: जन सामना संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कानपुर में बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 48 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, विकास और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। बिठूर की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को नया स्वरूप दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की तपोभूमि बिठूर धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मान्यता है कि इसी धरती पर महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की और माता सीता को आश्रय मिला। लव-कुश का बाल्यकाल भी यहीं बीता। यह भूमि 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों नाना साहब पेशवा और तात्या टोपे के शौर्य एवं बलिदान की साक्षी रही है। झांसी की रानी लक्ष्मीबाई ने भी बचपन में इसी क्षेत्र में घुड़सवारी और तलवारबाजी का अभ्यास किया था।
उन्होंने बताया कि बिठूर में घाटों के निर्माण एवं पुनरुद्धार, महर्षि वाल्मीकि आश्रम के सुंदरीकरण और ब्रह्मावर्त घाट के विकास सहित कई कार्य किए जा रहे हैं। रामायण सर्किट के माध्यम से क्षेत्र की पहचान को व्यापक बनाने के साथ होमस्टे और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित किया जा रहा है। बिठूर महोत्सव भी यहां की धार्मिक, सांस्कृतिक और क्रांतिकारी विरासत को नई पहचान देने का माध्यम बन रहा है।
कानपुर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर में मेट्रो रेल सेवा शुरू हो चुकी है। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की मांग पर हवाई अड्डे की सुविधा का विस्तार किया गया है। कानपुर को लखनऊ से जोड़ने के लिए एक्सप्रेस-वे की सुविधा उपलब्ध हुई है, जबकि गंगा नदी पर ट्रांसगंगा क्षेत्र में नए पुल के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। कानपुर बाईपास का निर्माण भी कराया जा रहा है। इन परियोजनाओं से आवागमन और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
महापुरुषों के सम्मान और सामाजिक कल्याण पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि, संत रविदास, डॉ. भीमराव आंबेडकर और अन्य महापुरुषों से जुड़े स्थलों का विकास कराया जा रहा है। प्रदेश में ऐसे लगभग चार हजार स्थलों पर बाउंड्रीवाल, छत, सुरक्षा और सुंदरीकरण से संबंधित कार्य शुरू कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि विरासत का सम्मान केवल स्मारकों और मंदिरों के निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि महापुरुषों के विचारों को जीवन में उतारना भी आवश्यक है। सरकार शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत है।
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने इसे भयमुक्त माहौल और सभी वर्गों को सम्मान एवं सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
दीपावली पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त सिलेंडर
मुख्यमंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत प्रदेश में लगभग 16 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत करीब 65 लाख गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष्मान भारत योजना से लगभग 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है, जबकि उज्ज्वला योजना के तहत करीब दो करोड़ लाभार्थियों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं।
उन्होंने घोषणा की कि दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को एक-एक निःशुल्क गैस सिलेंडर फिर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से लगभग 67 लाख विद्यार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पांच लाख से अधिक बेटियों का विवाह संपन्न कराया गया है।
कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना भेदभाव के जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के जीवन को कर्म, साधना, पश्चाताप और आत्मपरिवर्तन की प्रेरणा बताया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि और नाना साहब की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने वाल्मीकि रामायण पाठ में भाग लिया तथा सीता कुटिया और प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन-पूजन किया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पाण्डेय, विधायक नीलिमा कटियार, अभिजीत सिंह सांगा, मोहित सोनकर, महेश त्रिवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।