Tuesday, October 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, ईमानदारी और पारदर्शिता पर जोर

आरेडिका में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, ईमानदारी और पारदर्शिता पर जोर

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में सोमवार, 26 अक्टूबर से सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की शुरुआत हुई। एक नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह का शुभारंभ महाप्रबंधक कार्यालय में सतर्कता प्रतिज्ञा के साथ किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यस्थल पर ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ रिश्वत न लेने और न देने का संकल्प लिया। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रतिज्ञा दिलाई। उन्होंने नीतिपरक कार्यप्रणाली अपनाने और संगठन में ईमानदारी की संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इसके साथ ही आरेडिका के विभिन्न कार्यस्थलों पर भी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सतर्कता प्रतिज्ञा ग्रहण की। इस अवसर पर मुख्य सतर्कता अधिकारी एवं वरिष्ठ उप महाप्रबंधक महेश सिंह, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य अभियंता राम प्रवेश यादव, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गोविंद पांडेय, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक विनय कुमार पाठक और प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आभा जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सतर्कता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कारखाने के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। प्रवेश द्वारों पर पर्चे वितरित कर कर्मचारियों और अधिकारियों को सतर्कता के महत्व तथा भ्रष्टाचार से दूर रहने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

प्रतियोगिताओं और जागरूकता कार्यक्रमों की रहेगी धूम

इस वर्ष सतर्कता जागरूकता सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रखी गई है। इसके तहत कर्मचारियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 अक्टूबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। 27 अक्टूबर को सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल में सतर्कता शपथ दिलाई जाएगी, जबकि 28 अक्टूबर को केंद्रीय विद्यालय, आरेडिका में शपथ ग्रहण, व्याख्यान, निबंध लेखन और कार्टून-पोस्टर बनाने की प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दिन फर्निशिंग और फिनिशिंग शॉप के बीच ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किया जाएगा।  29 अक्टूबर को अधिकारियों के लिए प्रशासनिक भवन के सभागार और कर्मचारियों के लिए टीटीसी ऑडिटोरियम में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं होंगी। इसी दिन प्रशासनिक भवन के सेमिनार हॉल में साइबर सुरक्षा जागरूकता पर व्याख्यान दिया जाएगा और सतर्कता बुलेटिन-2026 का विमोचन किया जाएगा। कार्यक्रमों की कड़ी में 30 अक्टूबर को विक्रेता एवं कर्मचारी शिकायत निवारण शिविर लगाया जाएगा। वहीं, 31 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आरेडिका में कार्यस्थल पर पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डीके सक्सेना ने दी।