फिरोजाबाद। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर जनपद के विभिन्न वाल्मीकि मंदिरों, राम मंदिरों एवं हनुमान मंदिरों में पूजा-अर्चना और रामायण पाठ के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संस्कृति विभाग के कलाकारों द्वारा शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर, अकबरपुर में बाबा नीम करौली की जन्मस्थली तथा कैला देवी मंदिर के निकट स्थित हनुमान मंदिर में अखंड रामायण पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में सदर विधायक मनीष असीजा, महापौर कामिनी राठौर ने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके महान व्यक्तित्व और उनके द्वारा रचित महाकाव्य रामायण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, उनके त्याग, सत्य, धर्म और मर्यादा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्य, त्याग, करुणा और सद्भाव जैसे मूल्यों को आत्मसात कर समाज में शांति, सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है। इन आयोजनों का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों, रामायण के संदेशों तथा भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस दौरान दीपक गुप्ता कालू, अनुपमा शर्मा, डॉ अमित गुप्ता, हरिओम वर्मा, प्रमोद राजौरिया, आकाश गुप्ता, किशोर अग्रवाल बंटी, भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna