Tuesday, October 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » माता पथवारी मंदिर पर सनातन सेवा समिति का स्वागत

माता पथवारी मंदिर पर सनातन सेवा समिति का स्वागत

फिरोजाबाद। परमेश्वर गेट स्थित मोहल्ला राजपूताना, चंद्रनगर के प्राचीन मंदिर श्री माता पथवारी पर शरद पूर्णिमा के अवसर पर हवन-पूजन किया गया। इस दौरान देवी-देवताओं की प्रतिमाओं और तस्वीरों के सम्मान के लिए पांच वर्षों से निशुल्क सेवा कर रही सनातन सेवा समिति के पदाधिकारियों का जोशीला स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कर सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से समिति के सदस्य मंदिरों से पुरानी पोशाकें, धार्मिक सामग्री तथा घरों में रखी पुरानी एवं अनुपयोगी देवी-देवताओं की प्रतिमाओं और तस्वीरों को सम्मानपूर्वक एकत्र कर उनके विधिसम्मत निस्तारण की व्यवस्था कर रहे हैं। समिति का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, ताकि धार्मिक सामग्री को सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर न रखा जाए। समिति यह सेवा पूरी तरह निशुल्क करती है। कार्यक्रम में श्रीकृष्णा चित्तौड़ी, राजनारायण, लालू कुशवाह, राजीव और लाला ललितेश राजपूत ने समिति के पदाधिकारियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, सोनू वर्मा, हरिओम गुप्ता, विशाल कठेरिया और मेघेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने सनातन धर्म की सेवा, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और देवी-देवताओं के सम्मान के अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।