Wednesday, October 28, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » हम इस देश के जन-जन के स्वाभिमान और अधिकारों के लिए लड़ रहे हैंः प्रियंका गांधी

हम इस देश के जन-जन के स्वाभिमान और अधिकारों के लिए लड़ रहे हैंः प्रियंका गांधी

पवन कुमार गुप्ताः रायबरेली। जिले की जागरूक जनता देश के संविधान और लोकतंत्र के प्रति सदैव समर्पित रही है। पंडित नेहरू जी की पहली गिरफ्तारी से लेकर आज तक कांग्रेस पार्टी ने जो ‘सेवा के सौ साल’ का सफर तय किया है, वह रायबरेली की जनता के निर्देशन के बगैर संभव नहीं था। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के इस संघर्ष में भी रायबरेली परिवार एकजुट है और डटकर हर चुनौती का मुकाबला कर रहा है। उक्त बातें कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने एक गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं की बैठक में कही।
उन्होंने आज रायबरेली में ब्लॉक स्तर की बैठकों में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। देर रात तक चली बैठकों में प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे बहादुर कार्यकर्ताओं ने रायबरेली जिले की लोकसभा सीट से राहुल गांधी को भारी मतों से जिताने का संकल्प लिया है और यह संकल्प पूरा होगा।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि देश की इस मिट्टी में मेरे परिवार का खून मिला हुआ है। इसके लिए आपके पूर्वजों ने भी खून बहाया है। आज इस मिट्टी के लिए हम लड़ रहे हैं। हम इस देश के जन-जन के स्वाभिमान और अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। हम हर उस चीज के लिए लड़ रहे हैं जिनके लिए हमारे पूर्वज लड़े। आपको गहराई से समझना पड़ेगा और सीना तानकर मजबूती से ये लड़ाई लड़नी पड़ेगी।