Tuesday, June 18, 2024
Home » मुख्य समाचार » नगर निगम को मिला है 80 करोड़ की वसूली का लक्ष्य

नगर निगम को मिला है 80 करोड़ की वसूली का लक्ष्य

बीते वित्त वर्ष में 34 करोड़ के सापेक्ष 43 करोड़ की हुई वसूली
मथुरा। नगर निगम के सभागार में वित्तीय वर्ष 2023-24 में निर्धारित लक्ष्य 34 करोड़ के सापेक्ष 43 करोड़ की वसूली की गई। इस वर्ष 80 करोड का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं नगर निगम का प्रयास इस वसूली को 100 करोड तक ले जाने का रहेगा। वसूली कार्य में प्रदेश में नगर निगम मथुरा वृन्दावन के तृतीय स्थान पर आने के दृष्टिगत महापौर एवं नगर आयुक्त द्वारा कर विभाग के कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महापौर द्वारा कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 में शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य 80 करोड़ की वसूली के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया एवं नगर निगम में अवस्थित भवन स्वामियों से प्राप्त आपत्तियों का गुणवत्तापूर्वक ससमय निस्तारण कराने के लिये निर्देशित किया गया। जिससे नगरवासी अपने कर का भुगतान सुगमता से कर सकें। नगर आयुक्त द्वारा अपने सम्बोधन में वर्तमान वित्तीय वर्ष में विशेष वसूली शिविर आयोजित कराकर, वार्डवार कर वसूली कराये जाने हेतु विभाग को मोबाईल टैक्स वैन उपलब्ध कराये जाने के सम्बन्ध में निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त नगर निगम के बड़े बकायेदारों की सूची बनाकर अधिनियम में दी गयी व्यवस्थाओं के अन्तर्गत प्रभावी वसूली की कार्यवाही कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया। कर विभाग के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित ड्रैस कोड में कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट सदस्य अंकुर गुर्जर एवं पार्षद बृजेश अहेरिया एवं कर विभाग के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम, कर निर्धारण अधिकारी रामेश्वर दयाल, कर अधीक्षक उम्मेद सिंह व ब्रज कुमार एवं राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार, यादवेन्द्र कुमार, जीशान व राकेश कुमार के साथ कर विभाग के कर समाहर्ता एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।