Tuesday, October 27, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लगाया गया राष्ट्रीय मानसिक मेगा कैम्प

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लगाया गया राष्ट्रीय मानसिक मेगा कैम्प

खागा, फतेहपुर। धाता नगर पंचायत के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विशाल मानसिक मेगा कैम्प आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायिका कृष्णा पासवान को आना था, लेकिन अचानक लखनऊ में बैठक होने के कारण वह उपस्थित नहीं हो सकी। उनकी जगह धाता मण्डल अध्यक्ष भगवान नारायण शुक्ला ने कार्यक्रम में भाग लिया।
इस शिविर में जिले से आए नोडल अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमार ने मानसिक रोगों और उनके इलाज के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानसिक रोग के कुछ लक्षण होते हैं, जैसे – नींद में समस्या, चिन्ता, घबराहट, तनाव, नशा करना, आत्महत्या के विचार आना, अत्यधिक सफाई करना, लड़ाई-झगड़ा, भूत-प्रेत का भ्रम, मिर्गी या अन्य दौरे आना। इन लक्षणों के आधार पर मानसिक रोग का पता चल सकता है। इस शिविर में मरीजों को निःशुल्क परीक्षण और उपचार की सुविधाएं दी गईं, साथ ही दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। मरीजों और उनके परिवारजनों की काउंसलिंग की गई, और मानसिक दिव्यांगता के प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। जनसामान्य को मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया गया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेन्द्र कुमार ने सभी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इस कार्यक्रम को गंभीरता से लिया जाए और लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। धाता मण्डल अध्यक्ष भगवान नारायण शुक्ला ने सभी कर्मचारियों और आशा बहुओं से आग्रह किया कि वे सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रम को सफल बनाएं और जहां भी उनकी आवश्यकता हो, वह तत्पर रहेंगे।
नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज ने भी एएनएम और आशाओं से कहा कि यदि उन्हें कोई समस्या हो, तो वे उनसे संपर्क करें और किसी भी समस्या की जानकारी दें ताकि उसका समाधान किया जा सके। इस अवसर पर डॉ. शिव सिंह, डॉ. लाल बहादुर पटेल, डॉ. विनय सिंह, डॉ. नंदनी, फार्मासिस्ट मनोज सिंह, एलटी जितेन्द्र सिंह, एएनएम संगीता, स्टाफ नर्स प्रीति, काउंसलर संगीता, प्रदीप, प्रदीप मिश्रा, रामेश्वर मिश्रा सहित सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।