फिरोजाबाद। मायके में रह रही एक विवाहिता ने घर के अंदर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ससुरालीजनों से उसका विवाद चल रहा था। उसने पुलिस केस भी कर दिया था। पति दिल्ली में कबाड़े का काम करता था। मृतका की तीन साल पहले शादी हुई थी।
थाना रसूलपुर फिरोजाबाद के मुहल्ला शांति नगर निवासी 22 वर्षीय नीलम की शादी तीन साल पहले कमलेश निवासी नगला मानदाता थाना अरांव के साथ हुई थी। मायका पक्ष के मुताबिक ससुरालीजन उसे आए दिन परेशान करते थे। एक साल पहले करीब वह ससुराल से मायके आ गई थी। तभी से वह मायके में माता पिता और भाई के पास रहने लगी। उसके पास कोई संतान नहीं थी। पीड़िता ने ससुरालीजनों के खिलाफ पुलिस केस भी कर दिया था। पति सात भाइयों में तीसरे नंबर का है जो दिल्ली में कबाड़े का काम करता है। रविवार को घर के सभी लोग अपने-अपने काम से बाहर गए थे। नीलम घर में अकेली थी। तभी उसने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। जब मायका पक्ष के लोग वापस घर लौटे तो बेटी का शव लटका देख चीख पुकार मच गई। शोर शराबा सुनकर आसकृपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई तो वहीं पुलिस भी आ गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। इंस्पेक्टर अनुज कुमार का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। तहरीर प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।