Saturday, October 24, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ एमएलसी चुनाव, मतदाताओं में दिखा उत्साह

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ एमएलसी चुनाव, मतदाताओं में दिखा उत्साह

फिरोजाबाद। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार को जनपद में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संयुक्त रूप से तहसील सदर और सदर ब्लॉक में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बूथ संख्या 50, 51, 52, 53, 54, 55 और 31 पर पहुंचकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया और मतदाताओं से बातचीत की। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने निरीक्षण के दौरान बताया कि जनपद में विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए थे, ताकि मतदान निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं, राजनीतिक दलों ने मतदान केंद्रों से लगभग 500 मीटर की दूरी पर अपने बस्ते लगाए।

सदर तहसील में सर्वाधिक 4423 स्नातक मतदाता

आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के तहत सदर तहसील में स्नातक वर्ग के सर्वाधिक 4423 मतदाता पंजीकृत थे। मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से केंद्रों पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई। डीएम और एसएसपी ने विभिन्न बूथों पर पहुंचकर मतदान की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

स्नातक वर्ग में 50.40 और शिक्षक वर्ग में 66.02 प्रतिशत मतदान

शुक्रवार को शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक जनपद में स्नातक वर्ग में 50.40 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि शिक्षक वर्ग में 66.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक वर्ग में स्नातक वर्ग की तुलना में अधिक मतदान हुआ। प्रशासन की ओर से पूरे चुनाव के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई।