Sunday, October 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एमएलसी चुनाव में बूथों पर सियासी हलचल, मतदाताओं की कतारों से गरमाया माहौल

एमएलसी चुनाव में बूथों पर सियासी हलचल, मतदाताओं की कतारों से गरमाया माहौल

➤ 16 मतदान केंद्रों पर सुबह से उमड़ी भीड़, प्रत्याशियों के समर्थक पर्चियां बांटने में जुटे
➤ नए मतदाताओं में दिखा उत्साह, सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान
हाथरस। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान शुक्रवार को जिले में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होते ही जिले के 16 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं। शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के साथ नए मतदाताओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मतदान केंद्रों के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपने-अपने बस्ते लगाए। यहां मतदाताओं को पर्चियां उपलब्ध कराने और मतदाता सूची में उनके नाम तलाशने की गतिविधियां चलती रहीं। जनपद में कुल 16,365 मतदाता पंजीकृत थे। हाथरस सदर, सादाबाद, सिकंदराराऊ, मुरसान, हसायन, सासनी और सहपऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। शहर के बागला इंटर कॉलेज में भी दिनभर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। मतदान केंद्र से निर्धारित दूरी पर लगाए गए प्रत्याशियों के बस्तों पर समर्थक जुटे रहे। भाजपा, समाजवादी पार्टी, आजाद समाज पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को पर्चियां उपलब्ध कराते नजर आए।

डीएम-एसपी ने परखी मतदान व्यवस्था

जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुरसान विकासखंड, पीबीएस इंटर कॉलेज, हसायन विकासखंड, गौरीशंकर हिंदू इंटर कॉलेज सिकंदराराऊ, केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी, विकासखंड सादाबाद और ब्लॉक सहपऊ स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीठासीन अधिकारियों से मतदान की प्रगति की जानकारी ली और निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने मतदान कक्षों में अनावश्यक सामग्री नहीं रखने, मतपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और माइक्रो ऑब्जर्वरों को लगातार निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

एक ही पते पर पति-पत्नी के मतदान केंद्र अलग-अलग

मतदान व्यवस्था के दौरान मतदाता सूची और मतदान केंद्रों के निर्धारण से जुड़ी विसंगति का मामला भी सामने आया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने बताया कि उनका और उनकी पत्नी डॉ. छवि वार्ष्णेय का पता एक ही है, लेकिन दोनों के मतदान केंद्र अलग-अलग निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि उनका मतदान केंद्र क्षेत्र पंचायत में, जबकि उनकी पत्नी का मतदान केंद्र बागला इंटर कॉलेज में बनाया गया। उन्होंने मतदाता सूची और मतदान केंद्रों से संबंधित ऐसी विसंगतियों का नियमानुसार सत्यापन किए जाने की आवश्यकता जताई।