Saturday, March 7, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सांसद हेमा मालिनी ने कृष्ण कुटीर महिला आश्रय को दीं सुविधाएं, वृद्ध माताओं के बीच हुईं भावुक मुलाकातें

सांसद हेमा मालिनी ने कृष्ण कुटीर महिला आश्रय को दीं सुविधाएं, वृद्ध माताओं के बीच हुईं भावुक मुलाकातें

मथुरा। वृंदावन स्थित कृष्ण कुटीर महिला आश्रय सदन में निवासरत वृद्ध माताओं की सुविधा हेतु सांसद हेमा मालिनी, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना द्वारा 12 कूलर, 4 सोलर इन्वर्टर, 1 डीप फ्रीजर और एक गोल्फ कार्ट प्रदान की गई। यह सभी सुविधाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से उपलब्ध कराई गईं। जिलाधिकारी ने बताया कि वृद्ध माताओं की यह मांग थी कि मंदिरों के दर्शन के लिए किसी वाहन की व्यवस्था हो। इसे ध्यान में रखते हुए इंडियन ओवरसीज बैंक के सीएसआर फंड से लगभग 11 लाख रुपये की लागत वाली एक गोल्फ कार्ट कृष्ण कुटीर को दी गई। बैंक की शाखा प्रबंधक चंचल पालिया द्वारा यह वाहन सौंपा गया। इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी ने महिला आश्रय गृह की माताओं से संवाद किया। 103 वर्षीय सुमन चौधरी, 101 वर्षीय कोकिला त्रिवेदी और 101 वर्षीय विमला देवी ने अभिनेता धर्मेंद्र से मिलने की इच्छा जताई। इस पर सांसद ने कहा कि वे जल्द ही धर्मेंद्र जी को माताओं से मिलवाने के लिए यहां लाएंगी। कई वृद्ध महिलाओं ने हेमा मालिनी की फिल्मों के प्रति अपनी रुचि भी व्यक्त की, जिस पर सांसद मुस्कराईं और उन्होंने फिल्मों के विशेष आयोजन की इच्छा जताई। सांसद ने कहा कि वह वर्ष 2018 से कृष्ण कुटीर से जुड़ी हुई हैं। यहां की 387 वृद्ध माताएं उनका परिवार हैं। उन्होंने कहा कि बैंक द्वारा प्रदत्त गोल्फ कार्ट के माध्यम से माताएं अब मंदिरों के दर्शन के लिए आसानी से जा सकेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि वे धर्मेंद्र जी से आग्रह करेंगी कि वह भी यहां आएं और माताओं से मिलें। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने मौके पर मौजूद जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र को निर्देशित किया कि 19 जून को कृष्ण कुटीर परिसर में पेंशन कैंप लगाया जाए तथा जिन माताओं की पेंशन अभी शुरू नहीं हुई है, उनके फार्म भरवाकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने वृद्ध माताओं से कहा, “आपके दो बेटे हैं — देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री — जो आपके कल्याण के लिए सदैव चिंतित रहते हैं। हम सभी आपके लिए कार्य कर रहे हैं और कोई भी कष्ट नहीं होने देंगे।” उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कुटीर का उद्घाटन किया था और स्पष्ट निर्देश दिए थे कि यहां रहने वाली माताओं को कोई समस्या न हो। इसी क्रम में 16-सीटर गोल्फ कार्ट, सौर इन्वर्टर, पेयजल, शौचालय, विद्युत और अन्य सुविधाएं लगातार बढ़ाई जा रही हैं। अपने संबोधन के दौरान जिलाधिकारी भावुक हो उठे और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने कहा कि “हम प्रशासन के लोग आपके बेटे जैसे हैं। अगर किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत हो तो तुरंत हमें बताएं, उसका तुरंत समाधान किया जाएगा।”