फिरोजाबाद। शिकोहाबाद क्षेत्र के मेला बाग मोहल्ले में उस समय हड़कंप मच गया जब सिरसागंज मंडी समिति के सचिव के आवास में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते दो मंजिला मकान से धुएं का गुबार उठने लगा। परिजन किसी तरह जान बचाकर बाहर निकले। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग इतनी भीषण थी कि मकान की दोनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं और लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, मकान मालिक विमल कुमार पुत्र अमर सिंह, निवासी मेला बाग थाना शिकोहाबाद, मूल रूप से यदुमान नगर इटावा के रहने वाले हैं और वर्तमान में सिरसागंज मंडी समिति में सचिव के पद पर कार्यरत हैं। गुरुवार सुबह अचानक उनके मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।
Jansaamna