सलोन, रायबरेली। रोहनिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय समसपुर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह विद्यालय में नवआगंतुक सहायक अध्यापक महेंद्र सिंह के स्वागत तथा स्थानांतरित शिक्षक गौरव कुमार पांडे के सम्मान में आयोजित किया गया। समारोह में दोनों शिक्षकों को प्रतीक चिन्ह एवं अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक आले मुस्तफा ने स्वागत गीत एवं विदाई गीत की प्रस्तुति दी, जिससे माहौल भावुक एवं प्रेरणादायक बन गया। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक दीपक कुमार ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए गौरव पांडे के साथ बिताए गए शैक्षिक अनुभवों को साझा किया और उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद इस्माइल खान ने अपने संबोधन में अभिभावकों से बच्चों के विद्यालय में नामांकन बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने हरित क्रांति के अंतर्गत वृक्षारोपण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बच्चों में अच्छे संस्कार स्थापित करना एक कर्मठ शिक्षक का प्रमुख कर्तव्य है, जिसे गौरव पांडे ने निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाया है। उन्होंने आशा जताई कि महेंद्र सिंह का आगमन विद्यालय के विकास की दिशा में एक नई शुरुआत साबित होगा। इस अवसर पर आदित्य वर्मा, दिलीप कुमार, कुसुम पटेल, उषा, शीला, मोहम्मद अनीस खान, चांद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक दीपक कुमार ने पुनः सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए गौरव पांडे की सेवाओं की सराहना की और कहा कि ऐसे कर्मठ अध्यापक हर विद्यालय की आवश्यकता हैं। कार्यक्रम के अंत में आले मुस्तफा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
Jansaamna