Sunday, April 26, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » व्यापारियों ने की सांसद से मुलाकात, समस्याओं के निस्तारण को सौंपा पत्र

व्यापारियों ने की सांसद से मुलाकात, समस्याओं के निस्तारण को सौंपा पत्र

कानपुर। इस्पात नगर उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने स्थानीय समस्याओं को लेकर सांसद रमेश अवस्थी से मुलाकात की और उनका भव्य स्वागत किया। मंडल के अध्यक्ष विनोद पाल ने सांसद का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट करते हुए सम्मानित किया। व्यापारियों ने इस अवसर पर एक प्रार्थना पत्र सौंपते हुए इस्पात नगर क्षेत्र की जर्जर सड़कों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। पत्र में बताया गया कि क्षेत्र की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। अध्यक्ष विनोद पाल ने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे ग्राहक और व्यापारी आने में हिचकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में आज भी सीवर लाइन नहीं है, जिससे व्यापारिक इलाका होने के बावजूद स्थिति ग्रामीण क्षेत्र जैसी प्रतीत होती है। इस कारण स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने भी व्यापारियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए इनके शीघ्र समाधान की मांग की। उन्होंने भरोसा जताया कि सांसद रमेश अवस्थी आवश्यक कार्रवाई कर व्यापारियों को राहत दिलाएंगे। इस अवसर पर मंडल के कोषाध्यक्ष तेज सिंह यादव, अरुण गुप्ता, प्रदीप केडिया, एच. बी. सिंह, विपिन खुल्लर, राजेश पाल, अजय त्रिवेदी, हर्ष गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और व्यापारी उपस्थित रहे।