Sunday, October 25, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » फाल्ट सुधारते समय शटडाऊन के बावजूद आ गई बिजली, खंभे पर चढ़े विद्युत संविदा कर्मी की जलकर हुई मौत

फाल्ट सुधारते समय शटडाऊन के बावजूद आ गई बिजली, खंभे पर चढ़े विद्युत संविदा कर्मी की जलकर हुई मौत

सलोनी, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र सलोन के अंतर्गत सांडा सैदन गांव निवासी विद्युत संविदा कर्मी गुड्डू (30) पुत्र राम लखन बुधवार की सुबह सलोन नगर पंचायत सभासद अयाज अहमद उर्फ काजू की शिकायत पर ट्यूब वेल का फाल्ट ठीक करने शाहबाजपुर गांव गया हुआ था। जानकारी के मुताबिक राम बहुरे के ट्यूबेल के समीप फाल्ट ठीक करने से पहले कर्मी ने विद्युत उपकेंद्र सलोन से शटडाउन मांगा था। शट डाउन मिलने के बाद संविदाकर्मी लाइन मैन खंभे पर चढ़कर फाल्ट ठीक करने लगा। इसी दौरान अचानक ग्यारह हजार की लाइन में करंट दौड़ने लगा। जिससे युवक खंभे पर ही करंट लगने से तड़पने लगा और वहीं उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर पहुँचे सलोन कोतवाल शिव शंकर सिंह ने ग्रामीणों को समझाने और सांत्वना देने के बजाय उनके साथ कड़े तेवर दिखाए।
पुलिस की कार्यशैली देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए उन्होंने मृतक के परिजनों के साथ सलोन जायस मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दूसरी तरफ लोगों का यह भी कहना है कि पुलिस पीड़ित परिवार पर ही दबाव बना रही थी। जाम के दौरान हाथों में डंडा बांस ईंट लिए महिलाएं सड़क के दोनों ओर मोर्चा संभाले रही। ग्रामीण मृतक के परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता देने की मांग पर अड़े रहे। घटना के चार घण्टे बाद विद्युत विभाग के अधिकारी पहुँचे है।
एक्सईएन सलोन मनोज कुमार यादव ने मीडिया से कहा है कि जो लोग इस घटना के दोषी हैं, जिन्होंने लापरवाही बरती है, उन पर कार्यवाही की जाएगी। परिवार को दुर्घटना राशि के तहत नियमतः साढ़े सात लाख रुपये और अंतिम संस्कार की सहायता राशि देने पर बात बनी है और पीड़ित के परिवार भी इस सहमत हुए है।