मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक आगरा तेज प्रकाश अग्रवाल के निर्देशन में मथुरा और गोवर्धन में आयोजित होने वाले मुंडिया पूर्णिमा गोवर्धन मेला में तीर्थयात्रियों के आवागमन को लेकर रेलवे ने विशेष तैयारियां की हैं। यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेला कंट्रोल रूम से हर पल की स्थिति का जायजा लिया जाएगा। सिविल प्रशासन के सहयोग से भीड़ प्रबंधन हेतु एक व्यापक रोडमैप तैयार किया गया है, जिसके अंतर्गत पुराने एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) पर एकतरफा और नए एफओबी पर द्विदिशीय कतार प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर रेलवे द्वारा विशेष ध्यान दिया गया है। इस बार 294 रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) के जवान तैनात किए जाएंगे, जिनमें से 202 जवान अन्य डिवीजन से बुलाए गए हैं। इसके अलावा लगभग 400 जीआरपी कर्मी भी सुरक्षा में लगाए जाएंगे। मेले के दौरान तीर्थयात्रियों की निगरानी और सुरक्षा के लिए 85 मौजूदा व 20 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों की सहायता से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग करते रहेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 100 वाणिज्यिक व टीसी कर्मचारी ट्रेन, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में मुस्तैद रहेंगे, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। रेलवे द्वारा की गई इन तैयारियों से मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को बेहतर सेवाएं और सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।
Jansaamna