ऊंचाहार, रायबरेली। नगर में अतिक्रमण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागीय अधिकारी इस पर कोई ठोस कदम उठाते नहीं दिख रहे हैं। खासकर कोतवाली ऊंचाहार के गेट के पास स्थिति बेहद खराब हो गई है, जहां अवैध रूप से खड़े ट्रकों और जब्त वाहनों के कारण सड़क लगभग संकरी हो चुकी है। स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि पहले केवल कोतवाली रोड पर लगने वाली सब्जी मंडी से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती थी, लेकिन अब कोतवाली के ठीक सामने खड़े ट्रकों की वजह से सड़क इतनी संकरी हो गई है कि एक वाहन का निकलना भी मुश्किल हो जाता है। कई बार 10 से 15 मिनट तक आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा जब्त किए गए वाहनों को कोतवाली के गेट पर ही महीनों तक खड़ा रखा जाता है और उन्हें समय से किसी यार्ड में नहीं भेजा जाता। इससे न सिर्फ ट्रैफिक बाधित होता है बल्कि स्थानीय लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे क्रॉसिंग खुलने के समय स्थिति और भी विकट हो जाती है, जब एक ही समय में कई वाहन वहां से गुजरने की कोशिश करते हैं। इसके अलावा कोतवाली गेट के पास नाली के कारण कई बार वाहन उसमें फंस भी चुके हैं, जिससे दुर्घटना की संभावना भी बनी रहती है।
Jansaamna