हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “आईजीआरएस जनसुनवाई-समाधान पोर्टल” पर जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद हाथरस की पुलिस ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। मुख्यमंत्री द्वारा प्रतिमाह जनपदवार समीक्षा के आधार पर यह रैंकिंग जारी की जाती है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के निर्देशन में राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि सभी शिकायतों का घटनास्थल पर जाकर समाधान किया जाए। जून माह में प्राप्त सीएम हेल्पलाइन, पीजी संदर्भ, ऑनलाइन शिकायतें आदि का निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड की गई। इसके फलस्वरूप जनपद को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। पुलिस अधीक्षक ने इस उपलब्धि पर सभी पुलिसकर्मियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तत्परता और संवेदनशीलता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। शिकायतों के समाधान में लोकेशन सहित फोटो मंगवाने की व्यवस्था ने पारदर्शिता और जवाबदेही में इजाफा किया है। जनता की समस्याओं का समय से समाधान मिलने से जनपद की पुलिस व्यवस्था पर जनता का विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
Jansaamna