Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » निजीकरण व पुरानी पेंशन योजना को लेकर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल

निजीकरण व पुरानी पेंशन योजना को लेकर बैंक कर्मचारियों की हड़ताल

हाथरस। निजीकरण और पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार को बैंक कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ रोड पर एआईबीईए और यूपीबीईयू के आह्वान पर बैंक कर्मियों ने पूर्ण हड़ताल कर सरकार की नीतियों का विरोध किया। इस प्रदर्शन में राष्ट्रीयकृत और ग्रामीण बैंकों के सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया। धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने सरकार द्वारा बैंकों के निजीकरण, कॉरपोरेट ऋणों में बढ़ती चूक, खातों पर अनावश्यक चार्ज वसूली और पुरानी पेंशन योजना की बहाली जैसे मुद्दों पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही, उन्होंने बैंकों में पर्याप्त स्टाफ की भर्ती और बीमा प्रीमियम पर लगने वाले जीएसटी को समाप्त करने की भी मांग की। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए यतेश गर्ग ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी कर रही है। वहीं, जी.के. शर्मा ने कहा कि यह केवल बैंक कर्मचारियों की नहीं, बल्कि हर विभाग के कर्मचारियों की लड़ाई है। यदि सरकार ने समय रहते मांगें नहीं मानीं तो यह हड़ताल एक बड़े आंदोलन का रूप ले सकती है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी एसोसिएशन हाथरस इकाई के अध्यक्ष संजीव विश्नावत ने संघर्ष के लिए सभी कर्मचारियों से एकजुट रहने का आह्वान किया। यूनियन के महामंत्री निशांत वार्ष्णेय ने प्रदर्शन में भाग लेने वाले सभी कर्मचारियों का आभार जताया। इस दौरान भानु प्रताप अग्रवाल, शिव देव श्रोती, सी.बी. सिंह, एस.सी. सारस्वत, ए.के. कौल, अमन कुमार, संजय गौतम, ओम प्रकाश, विवेक कुमार, नरेश कुमार, पल्लवी, शिवानी, प्रियांशु जैन, विजय मीणा, किरोड़ी लाल मीणा सहित दर्जनों कर्मचारी व अधिकारी उपस्थित रहे।