Thursday, April 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सुहागनगरी में बम-बम भोले के जयकारों से गूंजे शिवालय, उमड़ी भक्तों की भीड़

सुहागनगरी में बम-बम भोले के जयकारों से गूंजे शिवालय, उमड़ी भक्तों की भीड़

फिरोजाबाद। सावन के प्रथम सोमवार को शिवालयों में शिवभक्तों की पूजा अर्चना के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। सभी भक्तों ने अपने आराध्र्य देव भगवान भोलेनाथ का पंचामृत से अभिषेक कर धतूरा, बेलपत्र, फल, फूल आदि चढ़ाकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। वहीं शहर से आठ किलोमीटर दूर स्थित प्राचीन साती मंदिर पर सुबह से लेकर शाम तक शिवभक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर में कावड़िए भी बड़ी संख्या में पहुंचे। पूरा शिवालय बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है। सावन के प्रथम सोमवार को शिवभक्त अपने आराध्र्य देव को प्रसन्न करने के लिए पूजा की थाली और जल का लोटा लेकर शिवालय पहुंचे। जहाॅ शिवभक्तों ने भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक कर धतूरा, बेलपत्र, फल, फूल आदि चढ़ाकर विधि-विधान से पूजा अर्चना की। शहर के प्रसिद्व मंदिरों में शिवभक्तों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। भक्तों ने एक-एक कर अपने आराध्र्य देव के दर्शन कर पुण्य लाभ लिया। शहर के प्रसिद्व मंदिर गंज मौहल्ला स्थित सिद्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर, गल्ला मंडी स्थिम रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर, गोपाल आश्रम स्थित सिद्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर, कैला देवी, बड़े हनुमार मंदिर स्थित शिव मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं प्राचीन सांती मंदिर एवं गांव देवखेड़ा स्थित कंडेश्वर महादेव मंदिर पर भी कावड़ियों की लाइन लगी हुई है। उन्होंने एक-एक करके गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया। पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है।