फिरोजाबाद। दाऊदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में नवागत कबड्डी प्रशिक्षक शशी प्रभा ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद खिलाड़ियों ने उनका फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रशिक्षक शशी प्रभा ने बताया कि अब स्टेडियम में कबड्डी के खिलाड़ियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का समय प्रातः 5:30 बजे से 8:30 बजे तक तथा सायं 4:00 बजे से 7:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। उन्होंने खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे शीघ्र जिला खेल कार्यालय में अपना पंजीकरण कराएं और प्रशिक्षण का लाभ लें। इस अवसर पर ओलंपिक संघ के अध्यक्ष प्रदीप भारद्वाज ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु शीघ्र ही कबड्डी की जिलास्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रशिक्षक के आगमन को जिले के कबड्डी खेल के लिए शुभ संकेत बताया। कार्यक्रम में प्रशिक्षक अभिषेक यादव सहित कबड्डी और एथलेटिक्स के कई खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी ने नए प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में बेहतर प्रदर्शन की आशा जताई।
Jansaamna