लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 15 जुलाई को अंतिम वर्ष (पास आउट) के विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार की स्वामी विवेकानंद योजना के अंतर्गत स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित किए गए। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य रूप से डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, डीएसडब्ल्यू प्रो. नरेंद्र कुमार और प्रॉक्टर प्रो. एम.पी. सिंह भी मंच पर उपस्थित रहे। कुलपति प्रो. मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की प्रगति ही किसी संस्थान की वास्तविक प्रगति होती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल संसाधन न केवल शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाते हैं, बल्कि आत्मनिर्भरता और दक्षता का भी विकास करते हैं। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ जीवन के हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाना समय की आवश्यकता है। साथ ही डिजिटल माध्यमों से समाज से जुड़ाव और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने की भी प्रेरणा दी। कार्यक्रम के पहले चरण में उन छात्रों को स्मार्टफोन/टैबलेट दिए गए, जिनका डेटा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सत्यापित किया जा चुका था। डीएसडब्ल्यू प्रो. नरेंद्र कुमार ने बताया कि द्वितीय चरण में 223 और विद्यार्थियों को स्मार्टफोन/टैबलेट वितरित किए जाएंगे, जिसकी सूचना जल्द ही जारी की जाएगी। इस अवसर पर प्रो. शरद सोनकर, प्रो. मनीष कुमार वर्मा, डॉ. तरुणा, डॉ. शिव शंकर यादव सहित अनेक शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। स्मार्टफोन/टैबलेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और प्रसन्नता स्पष्ट रूप से झलक रही थी। यह पहल विश्वविद्यालय द्वारा छात्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
Home » मुख्य समाचार » बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में अंतिम वर्ष के छात्रों को वितरित किए गए स्मार्टफोन/टैबलेट
Jansaamna