हाथरस। एमएलडीवी इंटर कॉलेज की पूर्व छात्रा रेशु गौड़ का चयन प्रतिष्ठित संस्थान एम्स ऋषिकेश में कैंसर शोध परियोजना के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने उनका भव्य स्वागत व सम्मान किया। रेशु ने कक्षा 10 तक की पढ़ाई एमएलडीवी इंटर कॉलेज से की थी और 2016 में विद्यालय से उत्तीर्ण हुई थीं। वर्तमान में वे पुणे स्थित एक विज्ञान संस्थान में कैंसर पर शोध कर रही हैं। उनके उत्कृष्ट शोध कार्य को देखते हुए अब उन्हें एम्स ऋषिकेश में चयनित किया गया है। विद्यालय आगमन पर प्रधानाचार्या डॉ. सरिता गोयल, उप प्रधानाचार्य डॉ. सुभाष गौतम सहित शिक्षकों व विद्यार्थियों ने माला पहनाकर रेशु का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या ने रेशु की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए कहा कि ऐसे होनहार विद्यार्थी विद्यालय की गरिमा को बढ़ाते हैं और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं। रेशु ने अपने संबोधन में विद्यालय और शिक्षकों के योगदान को अपनी सफलता का आधार बताया और छात्र-छात्राओं से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर रेखा शर्मा, शुचिता गुप्ता, यशोदा शर्मा, पुष्पिता श्रीवास्तव, नरेश शाक्य, सुभाष राय सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
Jansaamna