Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » दशलक्षण पर्व पर होगें विभिन्न कार्यक्रम

दशलक्षण पर्व पर होगें विभिन्न कार्यक्रम

फिरोजाबाद। दिगम्बर जैन युवा संघर्ष समिति की बैठक में दशलक्षण पर्व, अनन्त चतुर्दशी एवं क्षमावाणी पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में होने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत रमेश चंद्र जैन ने मंगलाचरण से की। इसके बाद भगवान महावीर के चित्र का अनावरण मुख्य वक्ता अनूप चंद्र जैन एडवोकेट, अनुज जैन (तुलसी बिहार) तथा संजीव कांत जैन संजू ने किया। दीप प्रज्वलन कुलदीप मित्तल जैन एडवोकेट, प्रदीप जैन पीपी, विजय जैन एडवोकेट, संदीप जैन पिंकी, मनीष जैन किड्स और मुकेश जैन रेमजा द्वारा किया गया। महामंत्री कुलदीप जैन ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। समिति ने निर्णय लिया कि इस वर्ष दशलक्षण पर्व 28 अगस्त से शुरू होकर 6 सितंबर तक चलेगा और 7 सितंबर को रत्नत्रय पर्व मनाया जाएगा। वहीं क्षमावाणी पर्व 14 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि नगर के सभी जैन मंदिरों में साफ-सफाई, लाइटिंग, जल निकासी, सुरक्षा, रंगोली सजावट और बिजली व्यवस्था हेतु नगर निगम, जलकल विभाग, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों को ज्ञापन भेजा जाएगा। समिति अध्यक्ष संजय जैन पीआरओ ने बताया कि इस बार क्षमावाणी पर्व पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले जैन समाज के मेधावी विद्यार्थियों को पहली बार सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए मनीष जैन किड्स और सौरभ जैन को संयोजक नियुक्त किया गया है। डॉ. महेन्द्र जैन, सुनील जैन रेमजा और राजेश जैन (डीड राइटर) को दशलक्षण पर्व का संयोजक बनाया गया है, जबकि संजीवकांत जैन एवं विशाल जैन एडवोकेट को क्षमावाणी पर्व संयोजक नियुक्त किया गया है। मुख्य वक्ता अनूप चंद्र जैन एडवोकेट ने कहा कि समिति ने 2012 में अपना 25वां स्थापना दिवस मनाया था और अब सभी सदस्य प्रौढ़ हो गए हैं, लेकिन उनका उत्साह आज भी वही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि 50वां स्थापना दिवस भी उसी जोश और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में समिति द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक रविशंकर प्रसाद को उत्कर्षपूर्ण एवं प्रशंसनीय कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र, माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया गया।