Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » जलभराव व कीचड़ से परेशान छात्रों ने किया प्रदर्शन

जलभराव व कीचड़ से परेशान छात्रों ने किया प्रदर्शन

हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव बिछिया मार्ग पर जलभराव और कीचड़ की समस्या से परेशान स्कूली छात्र-छात्राओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। यह मार्ग निर्माणाधीन जेल के पास से होकर गुजरता है और वर्तमान में काफी जर्जर स्थिति में है। छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रतिदिन इसी कीचड़ भरी सड़क से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे राहगीरों के फिसलकर गिरने और चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने प्रशासन से मांग की कि इस मार्ग पर जलनिकासी की उचित व्यवस्था की जाए और सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए। स्थानीय लोगों ने भी इस मुद्दे पर चिंता जताते हुए कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इस समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि आमजन और विद्यार्थियों को राहत मिल सके।