⇒ जी.एफ.सी. स्टार रैंकिंग में मिला वन स्टार, राष्ट्रीय स्तर पर मिली 229वीं रैंक
रायबरेली। नगर पालिका परिषद रायबरेली ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर अपनी स्थिति को सुदृढ़ किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा घोषित परिणामों में रायबरेली नगर पालिका ने राष्ट्रीय स्तर पर अपने वर्ग (जनसंख्या 0.5 लाख से 3.0 लाख) के 824 शहरों में 229वीं रैंक प्राप्त की है, जबकि प्रदेश में 117 शहरों में से 40वीं रैंक हासिल की है। इसके अतिरिक्त रायबरेली नगर पालिका ने ओडीएफ++ रैंकिंग को यथावत बनाए रखते हुए गार्बेज फ्री सिटी (GFC) स्टार रैंकिंग में वन स्टार रेटिंग प्राप्त कर एक नई उपलब्धि दर्ज की है। ई.ओ. स्वर्ण सिंह ने नगर पालिका की इस उपलब्धि का श्रेय नगरवासियों के सहयोग, सफाई कर्मियों की मेहनत और समर्पित नगर पालिका टीम को देते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान को और मजबूत बनाने के लिए प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और आने वाले सर्वेक्षणों में रायबरेली को और ऊंचाई तक पहुंचाने में सहयोग करें।
Jansaamna