⇒ लखनऊ में सौंपा गया ज्ञापन, मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
हाथरस। फायरवर्क्स डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट कर आतिशबाजी व्यापार से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। संगठन के संगठन मंत्री अनुभव अग्रवाल (हाथरस) ने बताया कि विस्फोटक अधिनियम 2008 के तहत मिलने वाले अस्थायी लाइसेंस में अत्यधिक देरी से व्यापारी वर्ग को हर वर्ष भारी नुकसान उठाना पड़ता है। दीपावली जैसे प्रमुख पर्वों पर भी लाइसेंस समय पर न मिलने से व्यापारी तैयारी नहीं कर पाते। उन्होंने मांग की कि अस्थायी लाइसेंस दीपावली से कम से कम 30 दिन पूर्व जारी किए जाएं और इसे हर वर्ष नवीनीकरण प्रणाली से जोड़ा जाए। प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि PESO द्वारा लागू की गई ऑनलाइन प्रणाली बेहद जटिल है, जिसे सरल बनाया जाए ताकि छोटे व्यापारी भी आसानी से आवेदन कर सकें। NCR क्षेत्र में कोर्ट के आदेशों के बावजूद लाइसेंस न मिलने की स्थिति को स्पष्ट करने की आवश्यकता भी जताई गई। प्रतिनिधियों का कहना था कि प्रशासनिक स्तर पर उत्पीड़न और प्रक्रियात्मक विलंब के कारण व्यापारी आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हो रहे हैं, जिससे सरकार को भी राजस्व की हानि होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधियों की सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सरकार आतिशबाजी व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता पर हल करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में राज्य सरकार इस व्यापार को सम्पूर्ण सहयोग प्रदान करेगी। प्रतिनिधिमंडल में उपस्थित प्रमुख सदस्य: हेमंत चांदना – मैनपुरी, महेश गुप्ता – लखनऊ, अखिलेश गुप्ता – लखनऊ, अनुभव अग्रवाल – हाथरस (संगठन मंत्री), राकेश कटारिया – आगरा, सतीश मिश्रा – लखनऊ, तोषित प्रीत सिंह – फर्रुखाबाद, अतुल सिंघल – हापुड़, वेद प्रकाश गुप्ता – शाहजहांपुर, अंबरीश अग्रवाल – बरेली, अन्य पदाधिकारी भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे। व्यापारियों ने आशा जताई कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद आतिशबाजी व्यवसाय से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान होगा।
Jansaamna