फिरोजाबाद। किसानों को समय पर और संतुलित मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है। इसी क्रम में जनपद में अधिकारियों की टीम ने 167 समितियों एवं निजी बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी जगह व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी रमेश रंजन के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी विशु राजा, सभी उपजिलाधिकारी, और सहकारिता विभाग के अधिकारियों की टीम ने खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि खाद की नियमित रूप से बिक्री हो रही है और कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति नहीं है। किसानों को उनकी जोत, बही और फसल की प्रकृति के अनुसार उर्वरकों का वितरण किया जा रहा है। अधिकतर बिक्री केंद्रों पर फसलों के लिए संस्तुत मात्रा के बैनर भी लगे हुए मिले। जिन समितियों के सचिवों पर दो समितियों का चार्ज है, वहां रोस्टर बनाकर खाद वितरण किया जा रहा है। सभी सचिवों और विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वितरण केवल जोत बही और संस्तुत मात्रा के अनुसार ही किया जाए। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए सचिवों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनपद में खरीफ सीजन में धान की रोपाई और बाजरा की बुवाई के लिए मुख्य रूप से फास्फेटिक उर्वरकों की आवश्यकता होती है। अब तक लगभग 70 प्रतिशत किसानों ने धान की रोपाई पूरी कर ली है और बाजरे की बुवाई 60 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी है। उर्वरकों की जनपद में कोई कमी नहीं है। 16 जुलाई 2025 तक कुल 12,740 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में जनपद में 18,697 मीट्रिक टन यूरिया उपलब्ध है, जिससे किसानों की जरूरतें आसानी से पूरी की जा सकेंगी।
Jansaamna