लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास में 18 जुलाई को ‘वृक्षारोपण पखवाड़ा’ के अंतर्गत एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की खास बात रही ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल, जिसके तहत छात्राओं ने अपनी माताओं को समर्पित करते हुए पौधे रोपे। इस पर्यावरणीय एवं भावनात्मक पहल का आयोजन विश्वविद्यालय के बागवानी एवं सौंदर्यीकरण अनुभाग द्वारा किया गया, जो कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मार्गदर्शन एवं अनुभाग अध्यक्ष प्रो. दीपा एच. द्विवेदी के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की डॉ. अनुराधा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। छात्रावास की छात्राओं और शिक्षिकाओं ने मिलकर विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर छात्राओं ने पौधारोपण को पर्यावरण के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी के रूप में निभाया और साथ ही मातृत्व को सम्मान देने के इस प्रयास को सार्थक बनाया। अभियान का उद्देश्य सिर्फ हरियाली बढ़ाना नहीं था, बल्कि छात्राओं में प्रकृति के प्रति जागरूकता और भावनात्मक जुड़ाव को भी प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम के दौरान बागवानी अनुभाग की ओर से पौधों की सही देखभाल और पोषण से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी साझा की गई, ताकि लगाए गए पौधे स्वस्थ रूप से विकसित हो सकें। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण और भावनात्मक अभिव्यक्ति का अनूठा समन्वय देखने को मिला।
Home » मुख्य समाचार » बीबीएयू के सावित्रीबाई फुले महिला छात्रावास में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
Jansaamna