Thursday, April 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ‘साइबर सुरक्षित भारत’ विषय पर आयोजित हुई चित्रकला व पेंटिंग प्रतियोगिता

‘साइबर सुरक्षित भारत’ विषय पर आयोजित हुई चित्रकला व पेंटिंग प्रतियोगिता

शिकोहाबाद। यंग स्कॉलर्स अकादमी में शुक्रवार को ‘साइबर सुरक्षित भारत’ विषय पर आधारित राष्ट्रीय स्तर की चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना और उन्हें डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराना था। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने फिशिंग, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया फ्रॉड और डेटा चोरी जैसे ज्वलंत मुद्दों को अपनी कलाकृतियों में जीवंत रूप से प्रस्तुत किया। चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों ने यह संदेश दिया कि किस प्रकार तकनीक का सुरक्षित और सतर्क उपयोग कर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने संदेशात्मक स्लोगनों, रंगों की सुंदरता और विचारशीलता से भरपूर चित्र बनाकर दर्शकों को प्रभावित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं न केवल बच्चों की रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की प्रेरणा भी देती हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा के महत्व को समझने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। पूरा आयोजन विद्यालय के प्रबंधक डॉ. संजीव आहूजा और निर्देशिका ईशा आहूजा की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।