Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » अभाविप ने शिकोहाबाद तहसील की प्रतिभाओं को किया सम्मानित

अभाविप ने शिकोहाबाद तहसील की प्रतिभाओं को किया सम्मानित

फिरोजाबाद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा तहसील शिकोहाबाद में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में “उभरता भारत – नई आशाएं” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन संत जनू बाबा ग्लोबल एकेडमी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उद्योगपति अंकित पालीवाल, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. रामकैलाश यादव, मुख्य वक्ता अखिल भारतीय राज्य विश्वविद्यालय प्रमुख अश्वनी ठाकुर, विशिष्ट अतिथि प्राचार्य पालीवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय डॉ. प्रवीण कुमार, प्रो. स्नेहलता चतुर्वेदी (पूर्व डीन, आगरा विश्वविद्यालय), जिला प्रमुख अनिल सागर, जिला संयोजक राहुल बघेल एवं कार्यक्रम संयोजक राज पलिया द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। मुख्य अतिथि उद्योगपति अंकित पालीवाल ने कहा कि आज के युवा विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करते हुए देश और समाज का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आचरण को शुद्ध रखते हुए कैरियर में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। मुख्य वक्ता अश्वनी ठाकुर ने कहा कि भारत आज सेवा, चिकित्सा, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में विश्व पटल पर निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है, और इसका श्रेय आप जैसे प्रतिभावान विद्यार्थियों को जाता है। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रवीण कुमार और प्रो. स्नेहलता चतुर्वेदी ने कहा कि अभाविप द्वारा आयोजित यह समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है। उन्होंने शिकोहाबाद तहसील के विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम संयोजक राज पलिया ने बताया कि अभाविप समय-समय पर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे आयोजन करती रहती है। इस अवसर पर शिकोहाबाद तहसील के 32 इंटर कॉलेजों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ जिला स्तर पर टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक राहुल बघेल ने किया। कार्यक्रम में विभाग संगठन मंत्री आकाश राठौड़, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला बौद्धिक प्रमुख डॉ. सुशील मिश्रा सहित अर्जुन बघेल, धर्मेंद्र चौहान, शिवम दीक्षित, किरण, ऋषभ, शिवानी, आकाश, कृष्णा यादव समेत अनेक विद्यार्थियों की सहभागिता रही।