Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका में महाप्रबंधक के आह्वान पर वृक्षारोपण की लहर

आरेडिका में महाप्रबंधक के आह्वान पर वृक्षारोपण की लहर

रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा के आह्वान पर जुलाई माह में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, ज्ञानदा बाल मंदिर स्कूल, स्काउट्स एंड गाइड्स के बच्चों, यूनियनों एवं महिला संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न स्थानों पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। ग्रीन इनिशिएटिव के तहत टाइप-3 और टाइप-2 आवासीय कॉलोनी एवं तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र में आँवला, अमरूद और जामुन के पौधे लगाए गए। एस एंड टी तथा आईटी विभाग के कर्मचारियों ने आरेडिका आवासीय परिसर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज क्षेत्र में वृक्षारोपण किया। स्काउट्स एंड गाइड्स सेंटर पर मुख्य जिला आयुक्त कामेश्वर पासवान एवं जिला आयुक्त एन. के. वर्मा की उपस्थिति में स्काउट्स व गाइड्स के बच्चों ने 68 पौधे लगाए और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं ली। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम द्वारा टाइप-4 सिंगल स्टोरी कॉलोनी व मथना नाला के मध्य स्थित पार्क और आलोक जौहरी रोड के किनारे नीम के 500 बीज, 50 आम और 25 जामुन के कुल 575 बीज रोपित किए गए। इसके साथ ही बैरक ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में भी वृक्षारोपण किया गया। गोल्फ कोर्स एरिया में आरेडिका खेल-कूद संघ के अध्यक्ष बी.एल. मीना एवं पद्मश्री और अर्जुन अवार्डी खेल अधिकारी सुधा सिंह ने गोल्फ सदस्यों के साथ पौधे लगाए। ज्ञानदा बाल मंदिर के बच्चों और महिला कल्याण संगठन की सदस्यों ने विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर उत्साह से भाग लिया। फैक्ट्री परिसर में भी बोगी शॉप के कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा पौधे लगाए गए। आरेडिका के प्रधान मुख्य अभियंता सत्य प्रकाश यादव ने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत पीपल, नीम, आम, जामुन, अमलताश, गुलमोहर, कचनार, पाकड़ और करेंज सहित कुल 50,000 पौधों और 2.75 लाख बीजों के रोपण की योजना है। महाप्रबंधक प्रशान्त कुमार मिश्रा ने सभी कर्मचारियों और यूनियन प्रतिनिधियों को इस अभियान में उनके विशेष योगदान के लिए बधाई दी और पर्यावरण सरंक्षण की दिशा में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।