हाथरस। श्रावण मास के पावन अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा हेतु नगर पालिका परिषद द्वारा हतीसा भगवंतपुर में लगाए गए शिविर का शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शिविर में चिकित्सा सुविधा, स्वच्छ पेयजल, फल वितरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित पाई गईं। अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने शिविर में कार्यरत कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि किसी भी कांवड़िये को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में आस्था और सेवा का अनुपम वातावरण बना है। श्रद्धालु भारी संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं और उनकी सेवा में नगर पालिका परिषद पूर्ण समर्पण भाव से जुटी है। अध्यक्ष ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची भक्ति है, और नगर पालिका का प्रत्येक कर्मचारी इस पुण्य कार्य में निष्ठा के साथ लगा हुआ है।
Jansaamna