नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सभी राजनीतिक दलों और संसद सदस्यों से एकता का संदेश देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह सत्र देश की सैन्य, अंतरिक्ष और वैश्विक उपलब्धियों का उत्सव होना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारतीय सेना की एक बड़ी सफलता है, जिसने 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकवादियों के ठिकानों पर की गई सैन्य कार्रवाई में लक्ष्य 100 प्रतिशत सफलतापूर्वक हासिल किया गया।
22 मिनट में आतंकियों के ठिकाने तबाह
पीएम मोदी ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकवादियों के आकाओं के घरों को केवल 22 मिनट में जमींदोज कर दिया गया। हमारी सेनाओं ने अनुशासन और पराक्रम का अद्वितीय प्रदर्शन किया।” उन्होंने यह भी कहा कि देश की संसद को इस विजय का जश्न मिलकर मनाना चाहिए, जिससे दुनिया को भारत की एकजुटता और सैन्य क्षमता का संदेश जाए।
पाकिस्तान को किया बेनकाब
प्रधानमंत्री ने सांसदों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत ने वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर बेनकाब किया है, और यह हमारी कूटनीतिक जीत है।
अंतरिक्ष और ‘मेड इन इंडिया’ की बात
मोदी ने भारत की अंतरिक्ष सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय अंतरिक्ष यात्री अब अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर कदम रख चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने “मेड इन इंडिया” हथियारों की वैश्विक मांग में बढ़ोतरी की जानकारी दी।
“अब जब मैं अन्य देशों के नेताओं से मिलता हूँ, तो वे भारत में बने हथियारों और रक्षा उपकरणों में रुचि दिखाते हैं। यह भारत की तकनीकी और सैन्य ताकत को दर्शाता है,” पीएम मोदी ने कहा।
2026 तक नक्सलवाद-मुक्त भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य 2026 तक देश को नक्सलवाद से पूरी तरह मुक्त करना है। उन्होंने कहा कि देश के ‘रेड कॉरिडोर’ अब ‘विकास कॉरिडोर’ बन रहे हैं। -Pic & story by Kamal Nain Narang
Jansaamna